यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ दर्ज हुई FIR, PM मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी का मामला
नीट छात्रा के कथित अपहरण के मामले में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को मुख्यालय आए थे जहां पदाधिकारियों से बात करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी की थी। प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी के बाद सीएम योगी आदित्य नाथ ने नाराजगी जाहिर की थी।

UP News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, निवर्तमान प्रदेश सचिव सहित 30 समर्थकों के खिलाफ महोबा मुख्यालय कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। अधिवक्ता नीरज रावत की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए मामले की छानबीन शुरु कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ केस दर्ज होने से राजनैतिक गलियारों में भूचाल मच गया है।
नीट छात्रा के कथित अपहरण के मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को महोबा आए थे जहां पदाधिकारियों से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी की थी। प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी के बाद सीएम योगी आदित्य नाथ ने नाराजगी जाहिर की थी। अधिवक्ता नीरज रावत ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 मई को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बिना प्रशासनिक अनुमित के निर्वतमान प्रदेश सचिव बृजराज अहिरवार ने आमंत्रित करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें 20 से 30 समर्थक समद नगर में आयोजित कार्यक्रम में वाहनों के काफिला के साथ पहुंचे और वाहनों को आम रास्ता में बेतरतीब ढंग से खड़ा किया गया जिससे आवागमन में परेशानी हुई। बाद में प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी की जिससे देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
वीडियो के वायरल होने के बाद भाजपाई आक्रोशित है। कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर आरोपित कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, निर्वतमान प्रदेश सचिव बृजराज अहिरवार सहित 30 समर्थकों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज करते हुए मामले की छानबीन शुरु कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह का कहना है कि अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।
सीएम योगी ने जताई थी नाराजगी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की पीएम मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई भाजपा नेताओं ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट में सीएम योगी ने लिखा था- ‘आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। पूर्व में कांग्रेस के 'युवराज' भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं। कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है।’
पंकज चौधरी ने कहा था-आने लगी शब्दों में गिरावट
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पीएम मोदी पर अजय राय की अमर्यादित टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की बौखलाहट, निराशा और राजनीतिक दिवालियेपन को दर्शाती है। बीमार होने पर जिस प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से अजय राय के स्वस्थ होने की कामना की थी, आज उसी जनसेवक को ये अपशब्द कह रहे हैं। दुकान 'मोहब्बत' की और नीयत इतनी कड़वी? जब जनता के हित, विकास कार्यों और राष्ट्र निर्माण के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचता, तब कांग्रेस के नेता मर्यादा भूलकर व्यक्तिगत टिप्पणी और अमर्यादित भाषा का सहारा लेते हैं। देश की जागरूक जनता ऐसे अपमानजनक व्यवहार का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से अवश्य देगी।’




साइन इन