हीट स्ट्रोक वाले मरीजों का मेडिकल कॉलेज में आठ बेड के वार्ड पर होगा इलाज
Kushinagar News - कुशीनगर में गर्मी बढ़ने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए आठ बेड का वार्ड तैयार किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने गर्मी से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों को उचित कपड़े पहनने और तरल पदार्थ का सेवन करने की सलाह दी गई है।

कुशीनगर, हिन्दुस्तान टीम। अप्रैल महीने के दूसरे पखवारे में गर्मी बढ़ने लगी है। गर्म हवा के थपेड़ों ने राह चलना अब मुश्किल कर दिया है। इससे उत्पन्न होने वाले हीट वेब व हीट स्ट्रोक के खतरे से बचाव के लिए एहतियात शुरू कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज में आठ बेड का एक वार्ड तैयार कराने का प्राचार्य ने निर्देश दिया है। दूसरी तरफ जिला प्रशासन की ओर से बचाव के दृष्टिगत एडवाइजरी जारी कर दी गई है।गर्मी अब दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। पूर्व के वर्षों में जनपद के अंदर कई लोग हीट स्ट्रोक की चपेट में आ चुके हैं।
लिहाजा, एहतियातन इससे बचाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। जनपद मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुभाष गुप्ता ने सीएमएस को फौरी तौर पर यहां वार्ड बनाने और उसमें चिकित्सक सहित स्टॉफ तैनात करने तथा समुचित दवा रखने के निर्देश दिए हैं। ताकि लू या हीट स्ट्रोक के लक्षण वाले मरीज पहुंचें तो उनका तत्काल उपचार किया जा सके। इसलिए यहां इमरजेंसी कक्ष के बगल में स्थित आइसोलेशन वार्ड को हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए तैयार करने का निर्णय लिया गया है। यहीं आठ बेड का वार्ड बनेगा, जिसमें डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ मरीजों का इलाज करेंगे।लू एवं हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए इमरजेंसी के बगल में आठ बेड का वार्ड बनाया जा रहा है, जिसमें इमरजेंसी के डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ ही इन मरीजों का भी उपचार करेंगे। क्योंकि इमरजेंसी 24 घंटे चालू रहने के कारण डॉक्टर और स्टॉफ निरंतर उपलब्ध रहेंगे। इस वार्ड में एसी भी लगी हुई है। बगल में ही शीतल पेयजल का इंतजाम है। इस तरह यह वार्ड हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए उपयुक्त है। चिकित्सा व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी फार्मासिस्ट विजय प्रताप सिंह को सौंपी गई है।जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरीबढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए हीट वेब (लू) और हीट स्ट्रोक से जनमानस की सुरक्षा के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव मिश्र ने सोमवार को एडवाइजरी जारी की। उन्होंने जनपद के लोगों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय शरीर को ढककर रखें और हल्के रंग के आरामदायक कपड़े पहनें। धूप में बाहर जाते समय गमछा, चश्मा, छाता, टोपी एवं जूता पहनकर ही घर से निकलें। थोड़े-थोड़े समयान्तराल पर तरल पदार्थ (शीतल जल, नींबू पानी, शिकंजी, नारियल पानी) आदि का सेवन करते रहें। .घर, कार्यस्थल आदि स्थानों पर सूर्य की सीधी रोशनी से बचने के लिए पर्दें आदि का प्रबंध अवश्य करें। यात्रा करते समय अपने साथ बोतल में पानी जरूर रखें। गीले कपड़े को अपने चेहरे, सिर और गर्दन पर रखें। गर्मी के दिनों में ओआरएस का घोल पीएं। .जानवरों को छायादार स्थान पर रखें तथा उन्हें पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी दें। बच्चे, बीमार व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। रात में अपने घरों की खिड़कियों को अवश्य खुला रखें। हीट वेब/लू या हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तत्काल नजदीकी राजकीय चिकित्सालय पर संपर्क करें।क्या न करें-एडीएम ने कहा कि अत्यधिक गर्मी (दोपहर 12 से सायं 4 बजे) के मध्य बाहर धूप में न जाएं। धूप में खड़े वाहनों में बच्चे एवं पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें। नंगे पैर/बदन धूप में न जाएं।.अत्यधिक प्रोटीनयुक्त भोजन एवं बासी भोजन का सेवन न करें।.गहरे व चटक रंग के कपड़ों को पहनने से बचें। तंग एवं छोटे कपड़ों के प्रयोग से बचें, विशेषकर जब बाहर धूप में जाना हो। बंद एवं अत्यधिक गर्मी वाले स्थान पर भोजन पकाने से बचें। संतुलित व हल्का भोजन करें। शराब, चाय, कॉफी, कार्बोहाइड्रेट, सॉफ्ट ड्रिंक आदि का अधिक सेवन न करें। अधिक गर्मी/धूप में श्रम करने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए 108 व 1077 पर संपर्क करें।40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा तापमानकप्तानगंज। क्षेत्र में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सोमवार को दो बजते-बजते क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो तीन बजे तक बरक़रार रहा। इस दिन का तापमान मौजूदा गर्मी के सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान बताया जा रहा है। न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले दिनों के मुकाबले करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिन भर तेज धूप और हवाओं ने लोगों को परेशान किया। लोग कस्बा में थोड़े बहुत बचे पेड़, टिनशेड, बिल्डिंग की छाया तथा ओवरब्रिज के नीचे कुछ देर ठहरकर धूप और लू से खुद को बचाते दिखे। हवा 15 से 26 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली। अगले 48 घंटे में तापमान और बदलने का मौसम विभाग का पूर्वानुमान है। पछुआ हवा 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा चलने की का अनुमान है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन