चाय-कॉफी से करें परहेज, दोपहर की धूप से खुद को बचाएं
Auraiya News - औरैया में गर्मी और हीटवेव के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लू से बचाव के उपायों पर जोर दिया है, जैसे हल्के कपड़े पहनना, हाइड्रेटेड रहना और बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना। लोग मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखें।

औरैया, संवाददाता। जनपद में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लू के प्रभाव से जनहानि तक हो सकती है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है। जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि घर से बाहर निकलते समय गमछा, टोपी, चश्मा और छाते का प्रयोग करें। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और कड़ी धूप से बचें। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए छाछ, लस्सी, नींबू पानी, नमक-चीनी का घोल और आम का पना जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें।
प्यास न लगने पर भी बार-बार पानी पीते रहें और निर्जलीकरण से बचने के लिए ओआरएस का उपयोग करें। प्रशासन ने यात्रा के दौरान पानी साथ रखने, हल्का व संतुलित भोजन करने और अधिक परिश्रम से बचने की सलाह दी है। साथ ही घरों में खिड़की-दरवाजे खुले रखने और गर्म हवा आने वाले स्थानों पर परावर्तक सामग्री लगाने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। एडवाइजरी में लू के लक्षणों की पहचान पर भी जोर दिया गया है। कमजोरी, सिर दर्द, उल्टी, मांसपेशियों में ऐंठन या चक्कर आने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है। प्रभावित व्यक्ति को छाया में लिटाकर ठंडे पानी से शरीर को ठंडा करने के उपाय भी बताए गए हैं। वहीं ‘क्या न करें’ में चाय, कॉफी और शराब से परहेज करने, तेज धूप में बाहर न निकलने और अत्यधिक गर्मी में व्यायाम न करने की सलाह दी गई है। साथ ही बच्चों और पालतू जानवरों को धूप में खड़े वाहनों में न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखें और सावधानी बरतते हुए लू से बचाव के उपाय अपनाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन