कड़ा और सिराथू में लगा जनकल्याण मेला
Kausambi News - केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर कड़ा और सिराथू में जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और अन्य विभागों के लगभग 20 स्टाल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई।

केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को कड़ा एवं सिराथू ब्लॉक सभागार में समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम एवं जनकल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग सहित ब्लॉक स्तरीय विभिन्न विभागों के लगभग 20 स्टाल लगाए गए। इन स्टालों पर आमजन को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और लाभार्थीपरक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाया तथा पात्र लाभार्थियों को जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में बड़ी संख्या में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया। जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजय कुमार ने कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं को पोषण पोटली देकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा अन्य स्टालों पर स्वच्छता, पोषण, रोगों की रोकथाम, महिला एवं बाल कल्याण, कृषि, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य योजनाओं से संबंधित जानकारी भी लोगों को दी गई। कार्यक्रम में पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ भी दिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में जनकल्याण, सुशासन और गरीबों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। कार्यक्रम में बीडीओ सिराथू भावेश शुक्ला, बीडीओ कड़ा दिनेस कुमार, सीएचसी सिराथू अधीक्षक अरुण तिवारी, सीएससी कड़ा अधीक्षक डॉ. मो. सऊद, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रिंकू मौर्या, जिला उपाध्यक्ष कमलेश निषाद, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन