बकरीद पर्व को लेकर सिराथू तहसील प्रशासन अलर्ट
Kausambi News - 28 जून को मनाए जाने वाले ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। उप जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज और कुर्बानी की व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छता और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

आगामी 28 जून को मनाए जाने वाले ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार को शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। उप जिलाधिकारी सिराथू योगेश कुमार गौड़ ने खंड विकास अधिकारी सिराथू-कड़ा तथा नगर पंचायत सिराथू, अजुहा व दारानगर कड़ाधाम के अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उप जिलाधिकारी ने सभी को निर्देश दिया कि बकरीद के अवसर पर मस्जिदों एवं ईदगाहों में बड़ी संख्या में नमाज अदा की जाएगी तथा विभिन्न स्थानों पर कुर्बानी भी दी जाएगी। ऐसे में पशुओं के अवशेष सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और गलियों में न फैलें, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के ईदगाह, मस्जिदों एवं रास्तों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए ईदगाहों, मस्जिदों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और आमजन को कोई परेशानी न हो। उन्होंने तहसील प्रशासन, क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र तिवारी तथा संबंधित थानाध्यक्षों को भी निर्देश जारी करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने, लगातार भ्रमणशील रहने और पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सतर्क रहने को कहा है। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में त्योहार को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन