बकरीद पर कंट्रोल रूम में 24 घंटे तैनात रहेंगे कर्मचारी
Gorakhpur News - गोरखपुर। मुख्य संवाददाता। बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने

गोरखपुर। मुख्य संवाददाता। बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान महानगर में सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी पर पूरी तत्परता के साथ मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
पर्व का समय
विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बकरीद (ईद-उल-अजहा) का पर्व 28 मई से प्रारम्भ होकर आगामी तीन दिनों तक मनाया जाएगा। पर्व के दौरान महानगर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर निगम कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है ।कंट्रोल रूम में तैनात सभी कार्मिक अपने निर्धारित समय और शिफ्ट में पूरी तत्परता के साथ उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे। आदेश के अनुसार 28 मई से 30 मई तक कंट्रोल रूम में चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए तीन शिफ्ट में निगरानी पर्यवेक्षक के रुप में सहायक अभियंता सत्येश सिंह, कर अधीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह एवं संतोष कुमार सिंह की ड्यूटी शिफ्टवार लगाई गई है। वहीं, 9 कार्यालय लिपिक एवं 9 अनुचर नियुक्त किए गए हैं। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी और सभी कर्मचारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करना होगा।
सहायता के लिए संपर्क
सहायता के लिए इन नम्बर पर करें कॉल
नगर निगम कंट्रोल रूम के लिए फोन नंबर 0551-2342521 और 8810709390 जारी किए गए हैं। ताकि नागरिक आवश्यकता पड़ने पर अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकें।
नोडल अधिकारी नियुक्त
आदेश के तहत राकेश कुमार सोनकर, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी (8810709350) को कंट्रोल रूम का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वहीं, अखिलेश श्रीवास्तव जोनल सेनेटरी अधिकारी (8810700347) को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन