नारी शक्ति वंदन से नए युग का प्रारंभ : नीतू
Kanpur News - नारी शक्ति वंदन अधिनियम से भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी 33 प्रतिशत होगी। सीए नीतू सिंह ने इस अधिनियम की सराहना की और महिलाओं से समर्थन की अपील की। कार्यक्रम में कई शिक्षिकाओं ने महिलाओं को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। यह अधिनियम देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। नारी शक्ति वंदन अधिनियम से भारतीय लोकतंत्र के नए युग का आरंभ होगा। लोकसभा व विधानसभा में 33 फीसदी महिलाओं का दखल होगा। नीति निर्माण से लेकर अन्य जरूरी फैसलों में महिलाओं की भागीदारी में वृद्धि होगी। देश तेजी से विकास करेगा। यह बात सीए नीतू सिंह ने कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस प्रयास की जमकर सराहना की। साथ ही, सभी महिलाओं से इस अधिनियम के प्रति अपना समर्थन दर्ज कराने की भी अपील की। सिविल लाइंस स्थित लिटिल शेफ होटल में प्रेसवार्ता करते हुए सीए नीतू सिंह ने अलग-अलग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं के साथ इस अधिनियम की प्रशंसा की और इसको लेकर मंथन किया।
उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के गुणात्मक उत्कर्ष की संज्ञा दी। संयुक्त राष्ट्र संघ की एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान में सात में सिर्फ एक देश का नेतृत्व ही महिला कर रही है। 101 देश ऐसे हैं, जहां कभी कोई महिला नेता नहीं रही। भारत ने पहले भी 73वें व 74वें संविधान संशोधनों के माध्यम से पंचायती राज एवं नगरीय निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था की है। उन्होंने सभी महिलाओं को अब देश के प्रति अपना कर्तव्य निर्वहन के लिए जागरूक होना होगा। कार्यक्रम में वीएसएसडी कॉलेज की प्राचार्या प्रो. नीरू टंडन, सनातन धर्म विद्यालय की प्रधानाचार्या शोभा दास, डॉ. नंदिनी ने भी महिलाओं को आगे बढ़कर भागीदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर डॉ. एनएम निगम, प्रो. जया मिश्रा, डॉ. अंशु सेंगर आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन