कानपुर में रेलिंग तोड़कर बस नहर में गिरी, खिड़कियों का शीशा तोड़कर बाहर निकले यात्री
कानपुर के बिधनू में गुरुवार सुबह एक निजी बस रामगंगा नहर की रेलिंग तोड़कर नहर में जा गिरी। बस में 18 यात्री सवार थे। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर सभी को सुरक्षित निकाल लिया है।

कानपुर के बिधनू में गुरुवार सुबह फैक्ट्री कर्मचारियों से भरी बस डंपर की टक्कर से अनियंत्रित होकर रामगंगा नहर में पलट गई। स्थानीय लोगों ने नहर में आधी डूबी बस की खिड़कियों को तोड़कर सभी फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर बस की छत पर खड़ा किया। इसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया और सीढ़ी लगाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। जिस जगह पर बस पलटी थी, वहां पानी कम होने से बड़ा हादसा टल गया है। कई यात्रियों को हादसे में चोट लगी है। उन्हें अस्पताल भेजा गया है।
बताया जाता है कि मुहम्मदपुर निवासी चालक इंद्रपाल एक निजी बस में गुरुवार सुबह साड़-कुढ़नी से 19 फैक्ट्री कर्मियों को बैठाकर कानपुर देहात रानियां स्थित ट्राई डेंट फैक्ट्री ले जा रहा था। बस बिधनू रामगंगा नहर पुल से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार डंपर ने बस को टक्कर मार दी। इससे चालक ने स्टेरिंग से नियंत्रण खो दिया। बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। गनीमत रही कि नहर में पानी कम था। इससे बस पूरी तरह डूबी नहीं।
मजदूरों स्थानीय लोगों ने दिखाई हिम्मत
हादसे के बाद बस में सवारकर्मियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ मजदूरों ने हिम्मत दिखाते हुए बस की खिड़कियां और शीशे तोड़े और बाहर निकलकर बस की बॉडी पर आ गए। इसी बीच, स्थानीय लोगों की भीड़ नहर में कूद गई और बस की सभी खिड़कियां तोड़कर फंसे यात्रियों को एक-एक करके बाहर निकाल लिया।
सभी को बस की बाडी पर खड़ा किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने नहर पुल से सीढ़ी लगाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में कई लोगों को चोट लगी थी। उन्हें अस्पताल भेजा गया।
इन लोगों को भेजा गया अस्पताल
बाहर निकाले गए कर्मियों में मुसाफा निवासी नरेश कुमार, चंदापुर निवासी सुरेश कुमार, कुढ़नी धर्मपुर निवासी आलोक, मुंदरी मोहम्मदपुर निवासी जमीर खान, मोहम्मदपुर निवासी रामनरेश, ढोहरपुर निवासी अभिषेक सिंह, मुसाफा निवासी दिनेश, मुसाफा निवासी धर्मेंद्र, धर्मपुर निवासी आदित्य, ढोहरपुर निवासी अमर सिंह, कुढ़नी धर्मपुर निवासी किशोर कुमार, कुढ़नी निवासी जीतपाल, चंदापुर निवासी नरसिंह, धर्मपुर निवासी अच्छेलाल, हाजीपुर चंदापुर निवासी सुनील और रातेपुर निवासी रविंद्र कुमार को सीएचसी बिधनू में भर्ती कराया गया। वहां किसी को गंभीर रूप से चोंट नहीं पाई गई।
क्रेन से बस को निकालने की कोशिश
पुलिस ने बस को क्रेन की मदद निकलवाने का प्रयास शुरू किया। घटना के बाद चालक इंद्रपाल मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि या कोई गंभीर नहीं है। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। चालक मौके से फरार हो गया है। तहरीर के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन