यूट्यूबर शादाब जकाती पर नई मुसीबत, ज्वेलरी शोरूम खुलते ही हो गया बंद, पूरा कांप्लेक्स सील
चर्चित यूट्यूबर शादाब जकाती का नया ज्वेलरी शोरूम खुलने के 9 दिन बाद ही बंद हो गया है। जिस कांप्लेक्स में उनका शोरूम है उसे ही सील कर दिया गया है। जकाती पर शोरूम के उद्घाटन के दौरान बिना अनुमति भीड़ जुटाने को लेकर भी कार्रवाई हुई थी।

चर्चित यूट्यूबर शादाब जकाती की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उत्तर प्रदेश के मेरठ में भारी लाव-लश्कर और सोशल मीडिया पर करोड़ों के प्रचार के साथ शुरू हुआ उनका नया ज्वेलरी शोरूम महज 9 दिनों के भीतर ही बंद हो गया है। मेरठ के हापुड़ रोड स्थित 'ग्रैंड स्क्वायर मॉल' में संचालित इस शोरूम के साथ-साथ पूरे कॉम्प्लेक्स को आवास विकास परिषद ने सील कर दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके के व्यापारियों और जकाती के प्रशंसकों के बीच हड़कंप मच गया है।
बिना अनुमति भीड़ जुटाना पड़ा भारी
शादाब जकाती ने हाल ही में अपने इस नए बिजनेस वेंचर की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की थी। इस दौरान हजारों की संख्या में उनके प्रशंसक और फॉलोअर्स वहां जमा हो गए थे। आरोप है कि शादाब ने इस कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली थी। भारी भीड़ के कारण हापुड़ रोड पर घंटों जाम लगा रहा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर स्थिति पैदा हो गई थी।
मानकों के विरुद्ध निर्माण और सीलिंग की कार्रवाई
आवास विकास परिषद के अधिकारियों के अनुसार, जिस 'ग्रैंड स्क्वायर मॉल' में यह शोरूम खोला गया था, उसके निर्माण में नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई हैं। परिषद की जांच में सामने आया कि मॉल का नक्शा और सुरक्षा मानक निर्धारित मापदंडों के विपरीत थे। परिषद ने सख्त रुख अपनाते हुए केवल जकाती के शोरूम ही नहीं बल्कि पूरे कांप्लेक्स को सील कर दिया है। इसमें 100 से अधिक दुकानें हैं। पूरी इमारत को अब पुलिस पहरे में ले लिया गया है।
पिछले कुछ समय से विवादों में जकाती
यूट्यूबर शादाब जकाती दस रुपये वाला बिस्कुट कितने का है…. वाली रील से फेमस हुए। सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जिसके चलते वह युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। पिछले कुछ समय से वह विवादों में आ गए। वह पहले भी आपत्तिजनक कंटेंट और कानून-व्यवस्था के उल्लंघन के मामलों में घिरे। इसके बाद उनकी सहयोगी महिला के पति ने जकाती पर कई आरोप लगाए। एक बच्ची के साथ बनाए गए वीडियो के कंटेंट को लेकर भी उन पर शिकंजा कसा गया। इसी बीच उन्होंने खुद को एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी ब्रांड के तौर पर स्थापित करने की कोशिश की और शोरूम खोला तो यहां भी भीड़ जुटाने के कारण विवाद में आ गए।
प्रशासन का कड़ा संदेश
आवास विकास परिषद और मेरठ पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता कानून से ऊपर नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण और बिना अनुमति के सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल शादाब जकाती और मॉल मालिकों से जवाब तलब किया गया है और जांच पूरी होने तक सीलिंग बरकरार रहेगी।




साइन इन