जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले में उमड़ी भीड़
Kannauj News - छिबरामऊ में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 14 से 16 जून तक जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। विधायक अर्चना पांडेय ने उद्घाटन किया। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और दवा वितरण के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

छिबरामऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत विकास खंड सभागार में तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ शनिवार को किया गया। 14 से 16 जून तक चलने वाले इस शिविर का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री अर्चना पांडेय ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अर्चना पांडेय ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध हो रही है, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख सुषमा बादाम पाल ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान भारत, महिला एवं बाल विकास, कृषि, सामाजिक कल्याण तथा अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और दवा वितरण की व्यवस्था की गई। वहीं विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन भी स्वीकार किए गए। कार्यक्रम के दौरान डीडीओ नरेंद्रदेव द्विवेदी, बीडीओ दीपांकर आर्य की निगरानी में सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहीं। पहले दिन ही बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। एडीओ आईएसबी अनिल कुमार के संचालन में हुए कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राहुल पाल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.राहुल मिश्रा आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन