यूपी वालों को अभी और झुलसाएगी गर्मी, पूर्वांचल को इस दिन से मिल सकती है थोड़ी राहत
रविवार को 46 डिग्री तापमान के साथ बांदा प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा। पूरे दिन सूरज की गर्मी असहनीय रही। दोपहर की तेज धूप और गर्मी के बीच राहगीर पेड़ों की छांव तलाशते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भीषण गर्मी से बचने के लिए बच्चे, महिलाएं और बड़े नहर, नदी और तालाबों में अठखेलियां करते नजर आए।

UP Weather : उत्तर प्रदेश इस समय चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी की चपेट में है। आने वाले कुछ दिनों तक इसमें राहत मिलने की संभावना भी नहीं दिख रही है। झुलसा देने वाली गर्मी अभी जारी रहेगी। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 मई से एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 23 मई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि पूरे हफ्ते प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के मुताबिक 18 मई को पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभाग में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दोनों संभागों में दिन के समय कुछ स्थानों पर उष्ण लहर से भयंकर उष्ण लहर (तीव्र लू) चलने की संभावना है।
वहीं, रविवार को 46 डिग्री तापमान के साथ बांदा जनपद प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा। पूरे दिन सूरज की गर्मी असहनीय रही। दोपहर की तेज धूप और गर्मी के बीच राहगीर पेड़ों की छांव तलाशते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भीषण गर्मी से बचने के लिए खुद की जिदंगी खतरे में डाल बच्चे, महिलाएं और बड़े नहर, नदी और तालाबों में अठखेलियां करते नजर आए। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को तापमान में और इजाफा होने की संभावना है। पूरा जिला एक बार फिर हीट वेव की चपेट में है। रविवार को सुबह से ही आसमान से आग बरसी। प्रचंड गर्मी ने सुबह दस बजे के बाद लोगों को घर में कैद होने पर मजबूर कर दिया। तेज तपिश के बीच धरती तवे की तरह तप उठी। दोपहर में लू के थपेड़ों ने राहगीरों को परेशान किया।
पूरे दिन तेज धूप के चलते कामकाजी लोग सिर में अंगौछा बांधकर बाहर निकले, लेकिन गर्मी के कारण उनका गला सूखता रहा। भीषण गर्मी में लोगों को बरगद और पीपल की छांव ने काफी राहत दी। ग्रामीण क्षेत्रों में भीषण गर्मी से बचने के लिए लोग तालाब, नदी और नहरों में अठखेलियां करते नजर आ रहे हैं। ज्यादा गर्मी की वजह से रविवार को भी आम जनजीवन प्रभावित रहा। बाजार में दोपहर बाद तक सन्नाटे की स्थिति रही। केंद्रीय जल आयोग के मौसम जानकार डॉ.दिनेश शाह ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 46.0 और न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिन में छह किलोमीटर की गति से चले पश्चिमी गर्म हवा के झोंके की वजह से तपिश में इजाफा हुआ है। उन्होंने ज्यादा गर्मी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और बचाव करने की अपील की है।
कानपुर में हीट वेव धीरे-धीरे अपने चरम पर पहुंच रही है। रविवार को आसमान से आग बरसी। तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 24 मई तक हीट वेव जारी रहेगी। 19 से 21 मई तक कानपुर समेत प्रदेश के कई दक्षिण जिलों में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में राजस्थान से शुष्क हवाएं लगातार आ रही हैं। बंगाल की खाड़ी के कारण नमी भी लगातार पहुंच रही है। इस कारण तापमान अधिक होने के बाद भी अधिकतम और न्यूनतम नमी का प्रतिशत कम नहीं हो रहा है। इससे कम तापमान में उमस जैसी स्थितियां पैदा हो जाती हैं जो हीट इंडेक्स को बढ़ाने लगती हैं। इससे गर्मी का अहसास बढ़ जाता है। रविवार को अधिकतम तापमान 40 से बढ़कर 41.5 डिग्री हो गया। तेज उत्तर पश्चिमी शुष्क हवाएं चलीं। इन लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हो गए। अब यह क्रम फिलहाल बना रहेगा। न्यूनतम तापमान 24.4 से बढ़कर 25.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। रात का यह पारा सामान्य से अधिक है। वातावरण में अधिकतम नमी 43 और न्यूनतम का प्रतिशत 20 पर पहुंच गया।
24 तक हीट वेव का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 24 मई तक पूरे उत्तर प्रदेश में हीट वेव का यलो अलर्ट रहेगा। इस बीच 19 से 21 मई तक कानपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। यहां तापमान 44-46 डिग्री के बीच जा सकता है। मई की गर्मी अपने चरम पर रहेगी। यदि कोई नया मौसमी सिस्टम नहीं बनता है तो मई के अंतिम दो सप्ताह भरपूर गर्मी रहेगी। अभी तक तो बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही थी। पर हवा की दिशा लगातार उत्तर पश्चिम रह जाती है तो बेहद शुष्क हवाएं चलेंगी और अधिकतम व न्यूनतम नमी अपने खतरनाक स्तर पर पहुंच सकती है। 20 के नीचे इसे खतरनाक माना जाता है। इसकी संभावना भी अधिक बनी हुई है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि हीट वेव का क्रम अभी बना रहेगा। 19 से 21 मई तक कानपुर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। तापमान में अधिक वृद्धि हो सकती है। तेज लू चलेगी। नमी का प्रतिशत भी अब घटने लगेगा। धीरे-धीरे मौसम काफी गर्म हो जाएगा।
कब होगी मॉनसून की बारिश
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मानसून 26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है। उत्तर प्रदेश में आमतौर पर मॉनसून 15 जून के आसपास पहुंचता है। जबकि कुछ इलाकों में पांच दिन बाद 20 जून को इसकी दस्तक होती है। इस बार केरल में चार दिन पहले मॉनसून की एंट्री हो रही है। इस वजह से यूपी में मॉनसून थोड़ा पहले पहुंच सकता है। हालांकि यह कंफर्म नहीं है क्योंकि केरल में एंट्री करने के बाद मॉनसून के आगे बढ़ने के कई कारण होते हैं।




साइन इन