जेवर एयरपोर्ट यूपी के विकास का रनवे, सीएम योगी बोले- युवाओं के सपने उड़ान भरेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे 'नए उत्तर प्रदेश' की विकास यात्रा का स्वर्णिम शिखर बताया है। कहा कि यह एयरपोर्ट युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा और यूपी को वैश्विक कनेक्टिविटी का हब बनाएगा।

jewar airport: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के प्रथम चरण के भव्य उद्घाटन को उत्तर प्रदेश के लिए एक 'युगांतरकारी' क्षण बताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका शुभारंभ किए जाने से पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से अपनी भावनाओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास का वह 'रनवे' है, जहां से प्रदेश के युवाओं के सपने नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेंगे।
'नए भारत' का 'नया उत्तर प्रदेश'
मुख्यमंत्री ने जेवर एयरपोर्ट की भव्य तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा, "'नए भारत' के 'नए उत्तर प्रदेश' की विकास यात्रा आज एक और स्वर्णिम शिखर को स्पर्श करने जा रही है।" उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके यशस्वी मार्गदर्शन में ही यह विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा साकार हो पाया है। सीएम योगी के अनुसार, जेवर अब केवल उत्तर प्रदेश का ही नहीं, बल्कि समूचे भारत का 'जेवर' बनकर उभरा है। यह एयरपोर्ट प्रदेश को वैश्विक कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
किसानों का समर्पण और युवाओं का स्वावलंबन
इस विशाल परियोजना को धरातल पर उतारने का श्रेय मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के किसान भाइयों को दिया। उन्होंने विशेष तौर पर उन किसानों को बधाई दी जिन्होंने विकास के इस महायज्ञ में अपनी भूमि और सहयोग का समर्पण किया। सीएम योगी ने लिखा, "आपके समर्पण से ही यह विकास संभव हुआ है।" उन्होंने आगे कहा कि यह परियोजना आर्थिक प्रगति के नए द्वार खोलने के साथ-साथ युवाओं को स्वावलंबन के पथ पर आगे बढ़ने की नई दिशा देगी। यहाँ से न केवल उड़ानें शुरू होंगी, बल्कि रोजगार और निवेश की अपार संभावनाएं भी जन्म लेंगी।
वैश्विक कनेक्टिविटी का केंद्र बनेगा जेवर
एक अन्य पोस्ट में एयरपोर्ट के शानदार वीडियो के साथ मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की समृद्धि यात्रा को नई गति प्रदान करेगा। यह एयरपोर्ट दुनिया के सबसे आधुनिक और सुविधाओं से युक्त हवाई अड्डों में से एक है, जो आने वाले समय में दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के दबाव को कम करेगा और पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य (Industrial Landscape) को बदल देगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में मुख्यमंत्री ने 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के भविष्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प है।




साइन इन