ईरान-इजरायल युद्ध के बीच खाड़ी देशों से लखनऊ का हवाई संपर्क टूटा, 17 फ्लाइटें हुईं कैंसल
ईरान और इजराइल के बीच युद्ध की वजह से खाड़ी देशों का एयरस्पेस बंद हो गया है। ऐसे में इन देशों से लखनऊ का हवाई सम्पर्क टूट गया है। नतीजतन दोपहर बाद से एयरलाइंस की हेल्पलाइन पर लगातार कॉल आ रही हैं। वहीं, 17 फ्लाइटें रद्द हो गई हैं।

ईरान और इजराइल के बीच युद्ध की वजह से खाड़ी देशों का एयरस्पेस बंद हो गया है। ऐसे में इन देशों से लखनऊ का हवाई सम्पर्क टूट गया है। एक ओर यहां के लोग इन देशों में नौकरी कर रहे या किसी कारण से गए अपनों की खबर पाने के लिए परेशान हैं। दूसरी ओर उनकी चिंता भी बढ़ गई है। नतीजतन दोपहर बाद से एयरलाइंस की हेल्पलाइन पर लगातार कॉल आ रही हैं।
शनिवार को लखनऊ से खाड़ी देशों में दम्माम, मस्कट सहित सात गंतव्यों के लिए आने-जाने वाली 17 उड़ानें निरस्त कर दी गईं। इसी बीच दुबई का एयरस्पेस सुरक्षा के लिहाज से बंद कर दिया गया। इससे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से खाड़ी देशों को जाने वाली उड़ानों का संचालन बाधित हो गया। लखनऊ से दम्माम, मस्कट, रसअलखैमा, शारजाह, रियाद सहित सात डेस्टिनेशन के बीच आने-जाने वाली 17 उड़ानें निरस्त कर दी गईं। लखनऊ से दम्माम जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-097, इंडिगो की ही कनेक्टिंग उड़ान 6ई-083 व 6ई-081 कैंसिल की गई। ऐसे ही दम्माम से लखनऊ आने वाली इंडिगो की 6ई-098 शनिवार को कैंसल थी और रविवार को भी निरस्त रहेगी।
ये भी फ्लाइटें रद्द
शनिवार को अमौसी एयरपोर्ट से किशनगढ़ व झारसुगड़ा के बीच चलने वाली स्टार एयर की चार उड़ानों को निरस्त कर दिया गया। हालांकि इन्हें परिचालन संबंधी कारणों से निरस्त किया गया। लखनऊ से किशनगढ़ जाने वाली स्टार एयर की एस5-223, स्टार एयर की लखनऊ से झारसुगड़ा जाने वाली एस5-229 तथा झारसुगड़ा से लखनऊ आने वाली स्टार एयर की एस5-228 एवं किशनगढ़ से लखनऊ आने वाली एस5-222 निरस्त रहीं।
लखनऊ से मस्कट जाने वाली इंडिगो की कनेक्टिंग उड़ान 6ई-1267 तथा लखनऊ से रसअलखैमा जाने वाली इंडिगो की कनेक्टिंग उड़ान 6ई-1491 एवं रसअलखैमा से लखनऊ आने वाली इंडिगो की 6ई-1492 निरस्त रहीं। लखनऊ से शारजाह जाने वाली इंडिगो की 6ई-1423 एवं शारजाह से लखनऊ आने वाली इंडिगो की 6ई-1424, इंडिगो की ही 6ई-1422 निरस्त कर दी गईं।
वाराणसी से शारजाह जाने वाली दो उड़ानें भी रद्द
वाराणसी से भी शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे 330 यात्री शारजाह नहीं जा पाए। शाम को जाने वाली फ्लाइट के यात्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंच गए थे, जिन्हें घर भेज दिया गया। जबकि रात को जाने वाले विमान के यात्रियों को दिन में ही मोबाइल पर मेसेज के माध्यम से निरस्तीकरण की सूचना दे दी गई थी।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह 10.30 बजे आईएक्स-185 विमान पहुंचा। इसमें 158 यात्री सवार थे। यह विमान घंटे भर बाद वापसी में बेंगलुरु जाता। लिहाजा, इसे बेंगलुरु रवाना किया गया। बेंगलुरु से वापस आकर रात 10.40 बजे यह विमान आईएक्स-186 बनकर शारजाह जाता। इस उड़ान को कैंसिल कर दिया गया। विमान से शारजाह जाने वाले 160 यात्रियों को मोबाइल पर इसकी सूचना दे दी गई थी। लिहाजा, वे एयरपोर्ट नहीं पहुंचे।
वहीं, शारजाह से आईएक्स-184 विमान शाम 4.40 बजे पहुंचा। इसमें 168 यात्री सवार थे। यह विमान आईएक्स-183 बनकर शाम 5.40 बजे रवाना होता है, लेकिन इसे निरस्त कर दिया गया। इसकी वजह से 170 यात्री शारजाह नहीं जा पाए। एयरपोर्ट प्रशासन ने खाड़ी देशों में एयर स्पेस बंद होने का हवाला देकर उन्हें घर भेज दिया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि अगले 48 घंटे में विमान संचालन की स्थिति अपडेट की जाएगी।




साइन इन