कल 410 फ्लाइट कैंसिल, आज 444 की संभावना; इजरायल-ईरान युद्ध के कारण थमी रफ्तार
एयरलाइंस को सलाह दी गई है कि वे फिलहाल 11 देशों के हवाई क्षेत्र का उपयोग करने से बचें। इन देशों में ईरान, इजरायल, लेबनान, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, बहरीन, ओमान, इराक, जॉर्डन, कुवैत और कतर शामिल है।

ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच छिड़े भीषण सैन्य संघर्ष का सीधा असर अब वैश्विक और भारतीय हवाई यातायात पर दिखने लगा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने रविवार को जानकारी दी कि मिडल ईस्ट के हवाई क्षेत्र (Airspace) में जारी प्रतिबंधों और सुरक्षा जोखिमों के कारण विमानन क्षेत्र में भारी उथल-पुथल मची हुई है। मंत्रालय के अनुसार, शनिवार (28 फरवरी) को भारतीय एयरलाइंस की 410 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं, जबकि आज, रविवार (1 मार्च) को यह आंकड़ा बढ़कर 444 होने की आशंका है।
भारत के विमानन नियामक 'नागरिक उड्डयन महानिदेशालय' (DGCA) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय विमानन कंपनियों के लिए एक आपातकालीन सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइंस को सलाह दी गई है कि वे फिलहाल 11 देशों के हवाई क्षेत्र का उपयोग करने से बचें। इन देशों में ईरान, इजरायल, लेबनान, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, बहरीन, ओमान, इराक, जॉर्डन, कुवैत और कतर शामिल है।
DGCA ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में क्रूज मिसाइलों, बैलिस्टिक मिसाइलों और सैन्य विमानों की सक्रियता के कारण नागरिक विमानों की सुरक्षा को गंभीर खतरा है।
खाड़ी देशों से वाराणसी आने वाले विमानों के संचालन पर इजरायल-ईरान युद्ध का खासा असर पड़ा है। शनिवार को वाराणसी से शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानें रद्द कर दी गईं। इससे 330 यात्री शारजाह नहीं जा पाए। शाम को जाने वाली फ्लाइट के यात्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंच गए थे, जिन्हें घर भेज दिया गया। जबकि रात को जाने वाले विमान के यात्रियों को दिन में ही मोबाइल पर मेसेज के माध्यम से निरस्तीकरण की सूचना दे दी गई थी।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह 10.30 बजे आईएक्स-185 विमान पहुंचा। इसमें 158 यात्री सवार थे। यह विमान घंटे भर बाद वापसी में बेंगलुरु जाता। लिहाजा, इसे बेंगलुरु रवाना किया गया। बेंगलुरु से वापस आकर रात 10.40 बजे यह विमान आईएक्स-186 बनकर शारजाह जाता। इस उड़ान को कैंसिल कर दिया गया। विमान से शारजाह जाने वाले 160 यात्रियों को मोबाइल पर इसकी सूचना दे दी गई थी। लिहाजा, वे एयरपोर्ट नहीं पहुंचे।
वहीं, शारजाह से आईएक्स-184 विमान शाम 4.40 बजे पहुंचा। इसमें 168 यात्री सवार थे। यह विमान आईएक्स-183 बनकर शाम 5.40 बजे रवाना होता है, लेकिन इसे निरस्त कर दिया गया। इसकी वजह से 170 यात्री शारजाह नहीं जा पाए। एयरपोर्ट प्रशासन ने खाड़ी देशों में एयर स्पेस बंद होने का हवाला देकर उन्हें घर भेज दिया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि अगले 48 घंटे में विमान संचालन की स्थिति अपडेट की जाएगी।




साइन इन