‘सपा सरकार बनी तो अग्निवीर खत्म करके भर्ती से नौकरी देंगे’, अखिलेश यादव का युवाओं से वादा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने युवाओं को वादा किया है कि सपा सरकार बनी तो अग्निवीर खत्म करके भर्ती से नौकरी देंगे। अखिलेश यादव शुक्रवार को कासगंज में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनी तो अग्निवीर योजना को समाप्त करने का काम करेंगे। युवाओं को भर्ती से नौकरी देंगे। उन्होंने कहा कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा नहीं हारी तो आगामी समय में देश कोई चुनाव नहीं देख पाएगा। भाजपा ने जिस तरह से पश्चिम बंगाल में चुनाव को लूटा है। बिहार के चुनाव में जो बेईमानी की है। अगर यही बेईमानी यूपी में हो गई तो भविष्य में देश में कोई चुनाव नहीं होगा। भाजपा संसद में महिला आरक्षण बिल के साथ जो डीलिमिटेशन ला रहे थे। यह ऐसे लोकसभा क्षेत्र बनाना चाहते हैं, जिससे कोई विपक्ष का नेता चुनाव जीत नहीं पाए। यह लोग अपने हिसाब से लोकसभा बनाना चाहते हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव शुक्रवार को कासगंज में उर्मिला गार्डन के शुभारंभ के मौके पर पीडीए परिवार के बैनर तले पूर्व सांसद कुं. देवेंद्र सिंह यादव द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मोदी और योगी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा के पीडीए से भाजपा घबरा गई है। लोकसभा चुनाव में भाजपा के डबल इंजन का धुंआ निकल गया है। इंडिया गठबंधन ने भाजपा को पीछे छोड़ा और प्रदेश में लोकसभा की सबसे अधिक सीटें प्राप्त की हैं।
केंद्र सरकार की विदेशनीति फेल हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चले थे विश्व गुरू बनने। जिस तरह हवाई जहाज पाकिस्तान में उतारा। उसी तरह इजरायल के बाद हवाई जहाज ईरान में उतार देते तो युद्ध को रोककर विश्व में भारत की धाक जमाई जा सकती थी। युद्ध रुकता तो बेगुनाहों की जानें नहीं जातीं। विश्व को भी आर्थिक संकट से उबार सकते थे। विदेशनीति फेल होने के कारण ही आज देश में पेट्रोलियम उत्पाद महंगे होने से महंगाई चरम पर है, जिससे युवा, किसान, मजदूर और आदमी परेशान हैं। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। स्वदेशी का नारा देने वालों के मुंह में तो स्वदेशी है लेकिन मन में विदेशी है। भारत का पूरा बाजार विदेशी कंपनियों के हाथों में रख दिया है।
महंगाई की वजह से किसान सबसे अधिक परेशान
महंगाई की वजह से किसान सबसे अधिक परेशान हैं। किसानों को सुविधा नहीं मिलने से उनको फसल की कीमत नहीं मिल पा रही है। भाजपा स्मार्ट सिटी बनाने की करती थी। स्मार्ट सिटी तो नहीं बना पाई। एक नई बीमारी लेकर आए और गरीबों के घर में स्मार्ट मीटर लगा दिया। सरकार प्रदेश को लूटने के लिए चल रही है। सरकार ने पेट्रोल डीजल महंगा करके आम आदमी की खुशहाली को रोकने का काम किया है। पेट्रोल में 20 फीसदी एथनोल की मिलावट कर रहे हैं, जिससे वाहनों का इंजन खराब हो रहे हैं। वाहन स्वामियों को मेंटीनेंस पर अधिक धनराशि खर्च करनी पड़ रही है।




साइन इन