बेटियों का सम्मान राजनीति से ऊपर; अखिलेश की बेटी की भ्रामक पोस्ट पर बोले BJP विधायक राजेश्वर सिंह
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित अभद्र और भ्रामक पोस्ट पर बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने साइबर सेल से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बेटियों का सम्मान राजनीति से ऊपर है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित अभद्र और आपत्तिजनक सामग्री के मामले में बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस तरह की पोस्ट को दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है। राजेश्वर सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद और वैचारिक असहमति स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी व्यक्ति के परिवार, विशेषकर बेटियों को झूठे प्रचार और अपमान का विषय बनाना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर परिवार के सदस्यों को निशाना बनाना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
बीजेपी विधायक ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही असत्य, भ्रामक और अपमानजनक सामग्री न केवल संबंधित परिवार की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती है। उन्होंने प्रशासन और साइबर सेल से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होने अपने बयान में यह भी कहा कि बेटियों का सम्मान किसी भी राजनीतिक दल या विचारधारा से ऊपर है। समाज को ऐसे कृत्यों के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए और महिलाओं व बेटियों की गरिमा की रक्षा के लिए संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।
वहीं इस मामले में समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव अधिवक्ता प्रवीण यादव ने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से शिकायत की है। इसके बाद साइबर सेल ने तीन लोगों पर नामजद मुकदमा दर्जकर जांच शुरू की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि भरत कुमार पटेल नामक व्यक्ति की सोशल मीडिया आईडी से एक पोस्ट साझा की गई। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी के बारे में झूठी व तथ्यहीन बातें लिखी गईं। इस पोस्ट में उनके लापता होने, धनराशि चोरी करने तथा विदेश में रहने जैसे आरोप लगाए गए। इसके साथ एक एडिट की गई फोटो पोस्ट की गई।
इस पोस्ट से केवल न एक महिला की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके परिवार की छवि बिगाड़ने की कोशिश की गई है। इस पोस्ट पर कई अन्य लोगों ने भी आपत्तिजनक पोस्ट की है। साइबर सेल थाना प्रभारी सतीश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर भरत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह, विनोद कुमार यादव के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया के. रहाटकर ने कहा कि अखिलेश यादव की बेटी भी देश की बेटी हैं। यदि आयोग को शिकायत मिली तो संज्ञान लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेटियों और महिलाओं के साथ घटनाएं ठीक नहीं है। सपा अध्यक्ष की बेटी को लेकर सोशल मीडिया में चल रहे मामले में उन्होंने कहा कि वह भी देश की बेटी हैं और इस तरह की घटनाएं ठीक नहीं हैं। आयोग में शिकायत हुई तो निश्चित तौर से मामले का संज्ञान लिया जाएगा।




साइन इन