अगले दस दिनों तक कई ट्रेनें गोरखपुर जंक्शन नहीं जाएंगी, कुछ कैंट तो कुछ भटनी-मऊ तक ही चलेंगी
गोरखपुर जंक्शन जाने वाली कई ट्रेनें अगले दस दिनों तक कैंट और भटनी-मऊ तक ही जाएंगी। ऐसे में भीषण गर्मी में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

गोरखपुर की तरफ जाने वाले ट्रेन यात्रियों के लिए भीषण गर्मी में बुरी खबर है। अगले कुछ दिनों तक गोरखपुर जंक्शन ट्रेनें नहीं जाएंगी। कुछ ट्रेनों को कैंट और कुछ को भटनी-मऊ तक ही चलाया जाएगा। गोरखपुर जंक्शन पर प्लेटफार्म संख्या-7 और 8 पर पैदल उपरिगामी पुल (एफओबी) के निर्माण के कारण ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इससे कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है। ऐसे में परिवार के साथ गर्मी की छुट्टियां बिताने आ रहे परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं कई गाड़ियों का मार्ग विस्तार भी किया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे (वाराणसी मंडल) के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 3 जून को एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस भटनी में यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, 5 जून को गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस भटनी से चलाई जाएगी। 29 मई से 7 जून तक बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस गोरखपुर कैंट पर यात्रा समाप्त करेगी और इस अवधि में वहीं से चलेगी। 29, 30, 31 मई, 2, 3, 4, 5, 6 और 7 जून को अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस गोरखपुर कैंट तक ही लाएगी। 30, 31 मई, 1, 3, 4, 5, 6, 7 और 8 जून को गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस गोरखपुर कैंट से 21.40 बजे चलाई जाएगी।
उधर, पहली जून को बांदा टर्मिनस-गोरखपुर हमसफर गोरखपुर कैंट तक ही जाएगी और वहीं से रवाना होगी। 28 और 4 जून को पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस मऊ तक जाएगी। 28, 30, 31 मई, 2 और 4 जून को दादर-गोरखपुर विशेष गाड़ी मऊ तक जाएगी। 30 मई, 01, 2, 4 और 6 जून को गोरखपुर-दादर विशेष गाड़ी मऊ से चलेगी।
गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस सर्वाधिक लेट रही
कई रेलखंडों पर डायवर्जन और रीशेड्यूलिंग समेत अन्य ऑपरेशनल कारणों से ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला जारी है। इससे तीक्ष्ण गर्मी में यात्रियों का सफर मुश्किल हो रहा है। कैंट से गुजरने वाली गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस मंगलवार को सर्वाधिक 13 घंटे लेट रही। इसके अलावा चंडीगढ़-धनबाद फेयर स्पेशल 9.15 घंटे, आनंद विहार टर्मिनल-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस छह घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल चार घंटे, धनबाद-दिल्ली फेयर स्पेशल 3.45 घंटे, दादर सेंट्रल-बलिया स्पेशल 3.15 घंटे लेट रही।
वैक्यूम प्रेशर में गड़बड़ी, तीन घंटे लेट लिच्छवी
वैक्यूम प्रेशर में गड़बड़ी के चलते मंगलवार को आनंद विहार टर्मिनल-सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस तीन घंटे तक कछवां रोड और कैंट स्टेशन पर खड़ी रही। कैंट स्टेशन पर कैरेज एंड वैगन विभाग के कर्मचारियों ने गड़बड़ी दूर करके ट्रेन को रवाना किया। लिच्छवी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-14006) के एस-1 कोच में लो प्रेशर के कारण वह कछवां रोड स्टेशन पर दो घंटे से ज्यादा समय तक खड़ी हो गई। पूर्वोत्तर रेलवे यांत्रिक विभाग के कर्मचारी ने किसी तरह बोगी के प्रेशर को बनाए रखा लेकिन ट्रेन काफी देर बाद रवाना हो पाई।




साइन इन