घर-घर बिजली चेकिंग अभियान बना बवाल, महिलाओं ने खोला मोर्चा, बुलानी पड़ी पुलिस
यूपी के बलरामपुर में घर-घर बिजली चेकिंग अभियान के दौरान महिलाओं ने जेई और कर्मचारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस भी बुलानी पड़ गई। अब मामला डीएम तक पहुंचाया गया है।

यूपी में बिजली को लेकर मचे हाहाकार के बीच घर-घर चेकिंग अभियान विभाग के लिए जी का जंजाल बन गया है। इसे लेकर बवाल भी शुरू हो गया है। बलरामपुर में घर-घर चेकिंग के लिए पहुंचे बिजली कर्मचारियों के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया। जेई और विभाग की टीम पर पुरुषों की गैरमौजूदगी में घर में घुसने और महिलाओं से अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया। लोगों का आक्रोश देख 112 पर फोन कर पुलिस को भी बुला लिया गया। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से हस्ताक्षर कर बिजली विभाग के खिलाफ डीएम से शिकायत कर दी है। मामला ललिया थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुर बहादुरगंज का है।
बिजली विभाग चोरी पकड़ने के लिए अभियान चला रहा है। इसी के तहत अधिकारियों के निर्देश पर घ-घर बिजली चेकिंग हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार विभागीय टीम ने कई घरों में उस समय बिजली जांच की, जब घरों में पुरुष सदस्य मौजूद नहीं थे और केवल महिलाएं थीं। आरोप है कि बिना अनुमति घरों में घुसकर जांच की गई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई का दबाव बनाकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि पूर्व में भी क्षेत्रीय जेई की कार्यशैली को लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कार्रवाई से बचने को लगा रहे आरोप
वहीं, क्षेत्रीय जेई अजीत सिंह ने सभी आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि विभागीय टीम नियमानुसार जांच अभियान चला रही थी और कुछ लोग कार्रवाई से बचने के लिए गलत आरोप लगा रहे हैं।
लोगों के आक्रोशित होने पर पहुंची पुलिस
बिजली विभाग के एसडीओ राजेश कुमार ने बताया कि बिजली विभाग एवं विजिलेंस की संयुक्त टीम बहादुरगंज में जांच अभियान चला रही थी, जहां कुछ उपभोक्ता नियम विरुद्ध तरीके से बिजली का उपयोग करते पाए गए। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोग आक्रोशित होकर टीम को घेरने लगे थे। डायल 112 पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार
ग्राम प्रधान अरुण कुमार मिश्र, आकाश कुमार, राकेश कुमार, धर्म प्रकाश, सुशील वर्मा, मनोज कुमार, राम प्रताप, आदित्य राम, किफायत रहमान और रामदेव सहित कई ग्रामीणों ने अब जिलाधिकारी का भी दरवाजा खटखटाया है। उनसे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।




साइन इन