हापुड़ में हिस्ट्रीशीटर का मर्डर; 4 सगे भाइयों ने चाकू से गोदा, राशिद लंबू पर 31 से ज्यादा केस थे
बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशीटर राशिद लंबू बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद दूध लेकर घर लौट रहा था। घर के पास ही उसका मोहल्ले में कुछ लोगों से विवाद हो गया। थोड़ी देर में पड़ोसी सगे भाई सुलेमान, इमरान, राशिद और सूफियान चाकू लेकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने चाकू से राशिद के सिर पर वार कर दिए।

हापुड़ नगर क्षेत्र में रामपुर रोड स्थित मोहल्ला अलीनगर में गुरुवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। हिस्ट्रीशीटर दूध लेकर घर आ रहा था, रास्ते में यह सरेआम यह सनसनी वारदात हुई। पुलिस ने चार सगे भाइयों समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दो हत्यारोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। मृतक और आरोपियों का घर आसपास होने के कारण मौके पर काफी तनाव है। कई थाना प्रभारी पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ मौके पर मौजूद हैं। एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए।
मोहल्ले के लोगों से विवाद हुआ था
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अलीनगर निवासी राशिद लंबू कोतवाली नगर का हिस्ट्रीशीटर बदमाश था। वह दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। गुरुवार सुबह करीब सात बजे वह बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद दूध लेकर घर लौट रहा था। घर के पास ही उसका मोहल्ले में कुछ लोगों से विवाद हो गया। मौक पर मौजूद अन्य लोगों ने मामला शांत करा दिया।
चार सगे भाइयों ने चाकू से हमला किया
राशिद अपनी गली में एक मकान के सामने बैठकर मोबाइल देख रहा था। इसी बीच पड़ोसी सगे भाई सुलेमान, इमरान, राशिद और सूफियान चाकू लेकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने चाकू से राशिद के सिर पर वार कर दिया। कई वार कर राशिद को लहुलूहान कर आरोपी फरार हो गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग पहुंचे और घायल राशिद के परिजनों को सूचना दी।
2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया
परिजन मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से लहूलुहान राशिद को अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राशिद की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने राशिद के छोटे भाई अलीशान की तहरीर पर चार सगे भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस सुरक्षा में शव को किया सुपुर्द ए खाक देर शाम शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर पांच पर केस दर्ज किया है। दो को गिरफ्तार कर लिया है।
आतंक का पर्याय था राशिद लंबू
राशिद अपराध की दुनिया में आतंक का पर्याय था। हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर के थानों में 31 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। 2013 में अगौता में हत्या में राशिद पर मुकदमा दर्ज हुआ था। लूट, डकैती, हत्या का प्रयास समेत कई में मुकदमें दर्ज थे। पांच वर्षों से राशिद ने अपराध से तौबा कर ली थी। वह मोहल्ले में एक मस्जिद निर्माण के लिए चंदा एकत्र कर रहा था।
फोरेंसिक टीम ने की जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे
सरेआम हत्या की सूचना पर एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर, सीओ स्तुति सिंह, थाना प्रभारी हापुड़ कोतवाली, हापुड़ देहात, बाबूगढ़, महिला थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, फारेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाएं।
योजनाबद्ध तरीके से की राशिद की हत्या
अलीशान ने आरोप लगाते हुए बताया कि मोहल्ले के नौशाद ने चारों आरोपियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से राशिद की हत्या कराई है।




साइन इन