एनकाउंटर में मारे गए हिस्ट्रीशीटर ने क्यों की थी चार बच्चों और उसकी मां की हत्या? सामने आए चौंकाने वाले राज
दो दिन पहले अमंबेडकरनगर में चार बच्चों और उसकी मां की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पांचों की हत्या हिस्ट्रीशीटर आमिर ने की थी। हिस्ट्रीशीटर आमिर महिला से निकाह करना चाहता था।

Ambedkarnagar News: अंबेडकरनगर में दो दिन पहले चार बच्चों और उनकी मां की हत्या के सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर आमिर को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार आमिर बेहद शातिर और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसने सुनियोजित तरीके से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। हालांकि सोमवार सुबह पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर आमिर को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है।
बताया जा रहा है कि आमिर गासिया खातून से निकाह कर उसकी संपत्ति पर कब्जा करना चाहता था। पुलिस के अनुसार गासिया खातून के पति नियाज ने सऊदी अरब में दूसरी शादी कर ली थी, जिसकी जानकारी मिलते ही आमिर ने इस स्थिति का फायदा उठाने की योजना बनाई। जब गासिया खातून ने निकाह से इनकार किया तो उसने बदला लेने और अपने मंसूबे पूरे करने के लिए हत्या की साजिश रच डाली।
रात को गासिया के घर में घुसा था आमिर
सीओ सिटी नीतीश तिवारी के मुताबिक शनिवार की रात आमिर घर में घुसा और सबसे पहले गासिया खातून पर हमला कर उन्हें बेहोश कर दिया। इसके बाद उसने एक-एक कर चारों बच्चों की निर्मम हत्या कर दी। बाद में गासिया खातून की भी हत्या कर शव को घर के पास नाले में फेंक दिया। घटना के बाद कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे शुरुआत में शक की सुई मां की ओर भी घूमी। घर का मुख्य दरवाजा बंद था, जबकि छज्जे से बाहर निकलने के संकेत मिले। मौके पर टूटी चूड़ियां और खून के निशान भी मिले थे, जिससे मामला और उलझ गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार आमिर अक्सर गासिया खातून के घर के पास बैठकर शराब पीता था, जिसका वह विरोध करती थीं। इसी बात को लेकर वह उनसे नाराज रहता था। पुलिस सूत्रों का मानना है कि इसी नाराजगी और संपत्ति हथियाने की मंशा ने उसे इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए उकसाया।
पुलिस को उलझाने के लिए गासिया के शव को बाहर फेंका था
अम्बेडकरनगर, संवाददाता। चार मासूम बच्चों और उनकी मां की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। मुख्य आरोपी शातिर अपराधी आमिर ने वारदात को अंजाम देने के बाद पूरी कहानी को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश की, ताकि शक की सुई मां पर ही टिक जाए।घटना के बाद मौके पर मां की गैरमौजूदगी ने पूरे मामले को उलझा दिया था। शुरुआती तौर पर सभी का शक मां पर ही गया और वह इस हत्याकांड की मुख्य आरोपी तक बन गई, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां कुछ और ही कहानी बयां कर रही थीं, जिसने पुलिस को गहराई से जांच करने पर मजबूर कर दिया।
बच्चों की हत्या के बाद घर की ऊपरी हिस्से से फरार हुआ था आमिर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी आमिर पहले से ही संदेह के घेरे में था। उसकी गतिविधियां मोहल्ले में चर्चा का विषय बन चुकी थीं। यहां तक कि बच्चों के पिता नियाज को भी आमिर पर गहरा शक था। जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आमिर घर के ऊपरी हिस्से से फरार हुआ। इतना ही नहीं, उसने महिला के शव को खींचकर घर से बाहर ले जाकर पास के नाले के किनारे फेंक दिया जिससे मामला और ज्यादा उलझ जाए और हत्या की असली वजह छिपी रहे। हालांकि महिला के शव की स्थिति और उसके सिर पर मिले चोट के निशानों ने पुलिस के शक को और मजबूत कर दिया। यही सुराग इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में अहम साबित हुआ। पुलिस का मानना है कि अगर आरोपी महिला के शव को पूरी तरह ठिकाने लगाने में सफल हो जाता, तो इस मामले का खुलासा करना काफी मुश्किल हो सकता था।




साइन इन