गले की ‘हड्डी’ बन गई थी प्रेमिका, शादी से पीछा छुड़ाने के लिए ली जान, रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था शव
अमरोहा में जिले में रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझा ली है। मृतका की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद (बल्लभगढ़) निवासी तनु (32) के रूप में हुई है।

Amroha News: यूपी के अमरोहा में जिले में रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझा ली है। मृतका की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद (बल्लभगढ़) निवासी तनु (32) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि तनु की हत्या उसके प्रेमी कामिल ने ही की थी। प्रेमिका उसके गले की हड्डी बन गई थी। शादी का वादा कर मुकरने और फिर बढ़ते दबाव से पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी ने उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और फरार हत्यारोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित शिव विहार कॉलोनी निवासी तनु का अपने पति सुनील से विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह अलग रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात अमरोहा के नौगावां सादात निवासी कामिल से हुई, जो फरीदाबाद में फूलों की सजावट का काम करता था। करीब दो साल से चल रहे प्रेम प्रसंग में कामिल ने तनु से शादी का वादा किया था। पुलिस के मुताबिक, तनु लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, जबकि कामिल अब वादे से मुकर रहा था। इसी विवाद को खत्म करने के लिए उसने तनु को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।
साजिश: कांठगोदाम एक्सप्रेस से लाया और रास्ते में ही बंद कराया मोबाइल
वारदात के पीछे कामिल की सोची-समझी प्लानिंग सामने आई है। वह तनु को कांठगोदाम एक्सप्रेस से लेकर गजरौला पहुंचा था। पुलिस जांच में पता चला कि अपनी पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए उसने रास्ते में ही तनु का मोबाइल बंद करवा दिया था। गुरुवार सुबह गजरौला पहुंचने के बाद वह तनु को भानपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास सुनसान झाड़ियों में ले गया, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव फेंककर फरार हो गया।
सर्विलांस की मदद से हुई शिनाख्त
गुरुवार को शव मिलने के बाद पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती उसकी शिनाख्त थी। एसपी लखन सिंह यादव के निर्देश पर सर्विलांस और लोकल इनपुट की मदद ली गई। शनिवार को जब मृतका की पहचान हुई तो बल्लभगढ़ से परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने कामिल के साथ उसके संबंधों और विवाद की पुष्टि की, जिसके बाद कड़ियां जुड़ती चली गईं।
एक शादी समारोह में मिले थे दोनों
तनु और कामिल की मुलाकात एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। कामिल फरीदाबाद में इवेंट्स और शादियों में फूलों की सजावट का ठेका लेता था। इसी काम के दौरान दोनों करीब आए थे। दो साल तक चले इस रिश्ते का अंत इतना खौफनाक होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। इस संबंध में एसपी अमरोहा लखन सिंह यादव ने बताया, प्रेम प्रसंग के चलते युवती की गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटने की पुष्टि हुई है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस की टीमें हत्यारोपी प्रेमी की तलाश में जुटी हैं, उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




साइन इन