प्रताड़ना की शिकायत लेकर पत्नी संग BSA दफ्तर पहुंचे हेडमास्टर को हार्ट अटैक, मचा हड़कंप
प्रधानाध्यापक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। उन्हें लखनऊ के लारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि प्रधानाध्यापक को हार्ट अटैक आया है।

UP News: साथी शिक्षकों द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत लेकर बुधवार को पत्नी के साथ बीएसए कार्यालय पहुंचे विकासखंड सिरौली गौसपुर के प्राथमिक विद्यालय बदोसराय प्रथम के प्रधानाध्यापक (Headmaster) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पीड़ित को लखनऊ के लारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि प्रधानाध्यापक को हार्टअटैक आया है।
एक दिन पहले प्रधानाध्यापक की पत्नी द्वारा की गई शिकायत के मामले में बीएसए ने जांच के आदेश दिए थे। जांच अधिकारी बदले जाने की मांग पर उन्होंने अब जांच बीईओ सूरतगंज को दी है।
धर्मराज गौतम विकासखंड सिरौली गौसपुर के प्राथमिक विद्यालय बदोसराय प्रथम में प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार को उनकी पत्नी ने बीएसए कार्यालय पहुंचकर विद्यालय के साथियों द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत पत्र दिया था। इसमें उन्होंने बताया था कि साथी शिक्षक समय से विद्यालय नहीं आते हैं। समय से विद्यालय आने के लिए कहे जाने पर साथी शिक्षक विवाद करते हैं और अपमानित करते हैं। उन्होंने पति का ट्रांसफर दूसरे विद्यालय में किए जाने की मांग की। मामले की गंभीरता देखते हुए बीएसए ने इसकी जांच खंड शिक्षा अधिकारी सिरौली गौसपुर को दी थी।
बुधवार को प्रधानाध्यापक धर्मराज गौतम पत्नी के साथ बीएसए ऑफिस पहुंचकर बीएसए नवीन कुमार पाठक से मुलाकात की। धर्मराज और उनकी पत्नी ने जांच अधिकारी को बदले जाने की मांग की। इस पर बीएसए ने शिकायत की जांच बीईओ सूरतगंज को दे दी।
दफ्तर में बीएसए से बातचीत के दौरान ही अचानक धर्मराज की तबीयत बिगड़ने लगी। वह बीएसए कक्ष से बाहर आ गए। लेकिन अचानक उनके सीने में दर्द होने से वह बाहर पड़ी बेंच पर लेट गए। कर्मचारियों ने उन्हें आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पीड़ित को लारी हॉस्पिटल लखनऊ में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि प्रधानाध्यापक धर्मराज को हार्टअटैक हुआ है।
क्या बोले बीएसए
बाराबंकी के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) नवीन कुमार पाठक ने कहा कि प्रधानाध्यापक की पत्नी ने विद्यालय के साथी शिक्षकों द्वारा पति को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया था। इसकी जांच खंड शिक्षा अधिकारी सिरौली गौसपुर को दी गई थी। बुधवार को उन्होंने ने जांच अधिकारी बदलने की मांग की थी। जिस पर खंड शिक्षा अधिकारी सूरतगंज को जांच सौंप दी गई। इसी दौरान प्रधानाध्यापक की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल भेजा गया।




साइन इन