आधी आबादी को मिलेगा विकास और नीति निर्धारण का अधिकार
Hamirpur News - भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद के नेतृत्व में नारी शक्ति वन्दन अधिनियम अभियान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण देखने के बाद पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत ने बताया कि 2014 से भाजपा सरकार ने इस अधिनियम के कार्यान्वयन में तेजी लाने के लिए प्रयास किए हैं, जिससे महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा।

हमीरपुर, संवाददाता। भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद के नेतृत्व में नारी शक्ति वन्दन अधिनियम अभियान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण देखने के बाद पत्रकार वार्ता हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत ने कहा कि देश में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए विभिन्न सरकारों ने प्रयास किया, लेकिन वर्ष 2014 से जब से देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार आई है, तब से इस अधिनियम की कानूनी बाधाएं दूर कर इसे लागू करने की प्रक्रिया ने तेजी पकड़ी है। आगामी तीन दिवसीय विशेष सत्र में इस अधिनियम को लाया जाएगा।
इसके लागू होने से विधानसभा व लोकसभा में भी आधी आबादी का प्रतिनिधित्व बढ़ जाएगा।राठ विधायक मनीषा अनुरागी ने कहा कि दशकों पूर्व से विभिन्न सरकारों द्वारा वर्ष 1996, 1998, 1999, 2008, 2010 में इस अधिनियम को सदन में पेश किया, लेकिन इन सरकारों की इच्छा शक्ति कमजोर होने के कारण यह कानून में परिणित नहीं हो सका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 के बाद से ही इस कानून को लागू करने की अपनी प्रतिबद्धता को साकार कर दिया है। जिससे आधी आबादी को देश के विकास व नीति निर्माण में भागीदारी मिलने जा रही है।जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को जो सम्मान व अधिकार दिलाया है वह आज तक अन्य किसी सरकार ने नहीं दिलाया। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में महिलाओं को जागरूक करने के लिए नारी शक्ति सम्मेलन व नारी शक्ति पदयात्रा का आयोजन होगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक अंब्रेश कुमारी, कुरारा चेयरमैन आशारानी कबीर, जिला महामंत्री लक्ष्मीरतन साहू, जिला उपाध्यक्ष आराधना राजपूत, मीडिया प्रभारी अरविंद श्रीवास्तव, ओमेश सिंह, अभिषेक तिवारी, प्रीति द्विवेदी, कुमार दीक्षित, सीमा वर्मा, सन्ध्या वर्मा, मधु गुरुदेव, आशा त्रिवेदी, उमा दीक्षित आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन