बैंड-बाजे के बीच दूल्हा गिरफ्तार; दुल्हन करती रह गई बारात का इंतजार; प्रेमिका ने काटा गदर
फतेहपुर में बारात निकासी के दौरान में पहुंची एक युवती ने हंगामा शुरू कर दिया। युवती ने प्रेमिका होने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर दूल्हे ने उसे लिव इन में रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। उधर दुल्हन पक्ष के लोग बारात का इंतजार करते रह गए।

फतेहपुर के सखियांव गांव में बैंड-बाजे और नाच गाने के बीच चल रही बारात की निकासी में हरियाणा से पहुंची एक युवती ने हंगामा शुरू कर दिया। युवती ने प्रेमिका होने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर दूल्हे ने हरियाणा में न सिर्फ उसे लिव इन में रखा बल्कि उसके साथ दुष्कर्म भी किया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। उधर दुल्हन पक्ष के लोग बारात का इंतजार करते रह गए।थरियांव थाना क्षेत्र के सखियांव (मंडा सराय) निवासी मोहित की शादी खखरेरु थाना क्षेत्र के तेंदुआ निवासी एक युवती से तय थी। बुधवार को शादी थी।
दूल्हे पर युवती ने लिव इन के दौरान संबंध बनाने के आरोप लगाए
तय कार्यक्रम के अनुसार दुल्हे के घर में बारात विदा होने की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान हरियाणा से एक युवती पहुंच गई। युवती ने हंगामा करते हुए डायल-112 पर सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे मोहित को लेकर थाने आ गई। युवती ने मोहित पर आरोप लगाए कि फेसबुक पर उनकी दोस्ती हुई थी। मोहित ने शादी का भरोसा देकर जनवरी 2023 से उसके साथ लिव-इन में रहते हुए संबंध बनाए और आर्थिक शोषण भी किया। फरवरी 2026 में फतेहपुर बुलाकर एक होटल में ठहराया और शादी का आश्वासन देकर वापस भेज दिया। अब दूसरी जगह शादी कर रहा है।
दुल्हन रात तक करती रही इंतजार
थाना प्रभारी एसबी सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उधर दुल्हन सज-धज कर बारात का इंतजार कर रही थी, जबकि मेहमान भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। देर तक बारात न पहुंचने पर लड़की पक्ष ने फोन से जानकारी ली। मामले की जानकारी होने पर दुल्हन के परिजन थाने पहुंचे। देर रात तक दोनों पक्ष के लोग थाने में मौजूद रहे। मुकदमा लिखा जाने के बाद रिश्तेदार निराश होकर लौट गए।
फेसबुक पर दोस्ती हुई फिर लिव इन में रहने लगे
मोहित कई साल से हरियाणा में एक सब्जी मसाला फैक्ट्री में काम करता था। वहीं गुरुग्राम की लड़की भी काम करती थी। फेसबुक से दोनों की आपस में जान पहचान हुई। इसके बाद दोस्ती हो गई। मोहित हरियाणा में युवती के साथ ही रहने लगा। युवती के मुताबिक उसने शादी का भरोसा दिया था। फतेहपुप की इस घटना के बाद से लड़की पक्ष के लोगों में काफी आक्रोश है। पुलिस जांच में जुटी है।




साइन इन