VIDEO: बेटी के जन्म पर ग्रैंड वेलकम, ढोल-नगाड़े और काफिले के साथ घर आई नन्ही मेहमान
बेटियों को बोझ समझने की सोच पर एक परिवार ने करारी चोट की है। बेटी के जन्म का ऐसा जश्न मनाया कि लोग देखते रह गए। जच्चा-बच्चा के निजी अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सजी हुई गाड़ियों के काफिले के आगे-आगे डीजे और ढोल-नंगाड़े बजाते हुए घर ले जाया गया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

UP News: बेटियों को बोझ समझने की सोच पर एक परिवार ने करारी चोट की है। बेटी के जन्म का ऐसा जश्न मनाया कि लोग देखते रह गए। जच्चा-बच्चा के निजी अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सजी हुई गाड़ियों के काफिले के आगे-आगे डीजे और ढोल-नंगाड़े बजाते हुए घर ले जाया गया। घर के दरवाजे पर आतिशबाजी हुई। रास्ते में फूल भी बिछाए गए। आस-पड़ोस में मिठाइयां भी बांटी गई। जश्न का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान पुष्टि नहीं करता है।
आज के दौर में भी बेटा-बेटी में भेदभाव के किस्से हर कहीं सुनने को मिल जाते हैं। कुछ परिवारों में बेटियों के जन्म के बाद लोगों के चेहरों पर मायूस के भाव तैरने लगते हैं। ऐसे लोगों को एक परिवार ने आईना दिखाया है। हमीरपुर के रमेड़ी मुहल्ला निवासी अभय की पत्नी रेखा ने 29 मार्च को एक निजी अस्पताल में पहली संतान के रूप में बेटी को जन्म दिया। इससे पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार ने बेटी के आगमन को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां शुरू कर दी। दो अप्रैल को जच्चा-बच्चा को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।
अस्पताल से लेकर घर तक सजी-धजी गाड़ियों के काफिले के आगे-आगे ढोल-नंगाड़े और डीजे बज रहा था। अभय के घर में भी रंगीन सजावट की गई थी और रास्ते में फूल बिछाए गए थे। जैसे ही जच्चा-बच्चा घर के दरवाजे पहुंचा वैसे ही घर की महिलाओं ने आगे बढ़कर दोनों की अगवानी की। आतिशबाजी से आसमान नहा उठा। दादी दुर्जी देवी ने बिटिया के रोली कुमकुम का तिलक लगाया फिर फूल बरसाकर कर स्वागत किया।
नवजात बेटी के बड़े पापा पवन कुमार ने बताया की हमने हमेशा बेटों से ज्यादा बेटियों को महत्व दिया है। हमारे छोटे भाई को पहली संतान के रूप में पुत्री की प्राप्ति हुई है, जिससे पूरा परिवार खुश है। इस लम्हे को यादगार बनाने के लिए ही ऐसा जश्न मनाया गया है। उनके स्वयं भी तीन माह की एक बेटी है। उसके जन्म पर भी जश्न मना था। जब दूसरी बेटी हुई तो खुशी दूनी हो गई।




साइन इन