यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सरकार अलर्ट, कल सीएम योगी उच्च अधिकारियों के साथ करेंगे बैठक
UP Home Guard recruitment exam: यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सरकार अलर्ट है। योगी आदित्यनाथ बुधवार रात 9 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा करेंगे।

UP Home Guard recruitment exam: उत्तर प्रदेश में होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर योगी सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार रात 9 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा करेंगे, जिसमें परीक्षा की तैयारियों के साथ-साथ कानून व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री महत्वपूर्ण निर्देश देंगे। बैठक में प्रदेश के सभी अपर पुलिस महानिदेशक (जोन), पुलिस आयुक्त, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, आईजी/डीआईजी रेंज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक और जिला विद्यालय निरीक्षक समेत संबंधित अधिकारी शामिल होंगे।
25 से 27 अप्रैल तक होनी है भर्ती परीक्षा
गौरतलब है कि प्रदेश में 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित की जानी है। परीक्षा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों की निगरानी, अभ्यर्थियों की सुविधा और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता में है। मुख्यमंत्री बैठक के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा करेंगे। संवेदनशील जिलों, परीक्षा केंद्रों और संभावित भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने पर जोर
योगी सरकार का पूरा जोर परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने पर है। नकल, पेपर लीक या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। इसी क्रम में सभी अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पूरी तैयारी के साथ प्रतिभाग करने के लिए निर्देशित किया गया है।
महिला अभ्यर्थियों का रेंज के जिले में होगा परीक्षा केंद्र
होमगार्ड स्वयंसेवकों के 41,424 पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार को जिला पर्ची जारी कर दी। इसमें अभ्यर्थियों को उनकी परीक्षा तिथि और जिले की जानकारी दी गई है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र आवंटित किए हैं। महिला अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद के रेंज के ही जिले में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।
परीक्षा से तीन दिन पहले प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे
बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार खासकर पुरुष अभ्यर्थियों को उनके जोन या इससे सटे जिले में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। 25, 26 व 27 अप्रैल को आयोजित परीक्षा से तीन दिन पूर्व अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। श्रावस्ती को छोड़कर अन्य सभी जिलों में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सीसीटीवी कैमरों की मदद से कड़ी निगरानी होगी। सिपाही भर्ती की तर्ज पर पहली बार होमगार्ड भर्ती की भी लिखित परीक्षा आयोजित कराई जा रही है। परीक्षा ओएमआर शीट आधारित होगी।




साइन इन