यूपी में भीषण गर्मी पर सीएम योगी अलर्ट, लोगों से की खास अपील, हीट वेव को लेकर क्या बोले?
UP Weather Heat Wave: यूपी में भीषण गर्मी पर सीएम योगी अलर्ट हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि सरकार ने बढ़ते तापमान और प्रचंड गर्मी के दुष्प्रभावों से नागरिकों को बचाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

UP Weather Heat Wave: यूपी में भीषण गर्मी को लेकर योगी सरकार अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि सरकार ने हीट वेव और प्रचंड गर्मी के दुष्प्रभावों से नागरिकों को बचाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके साथ योगी ने जनता से खास अपील की है। सीएम योगी सोमवार को प्रदेशवासियों को लिखे एक पत्र को 'एक्स' पर साझा किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि शासन के हर स्तर पर समन्वित और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। प्रदेशवासियों से अपील है कि गर्मी में सतर्क रहें और लापरवाही न करें।
आदित्यनाथ ने कहा कि मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, प्रकृति के स्वभाव के अनुरूप हर मौसम की तरह ग्रीष्म ऋतु आई है। बढ़ता तापमान हमें इसके दुष्प्रभावों से बचने तथा अपनी तैयारियां पूरी करने का संदेश दे रहा है।' संदेश में कहा गया है कि हर व्यक्ति का जीवन अनमोल है, इसलिए सरकार ने कड़कड़ाती ठंड की तरह प्रचंड गर्मी की मार से बचाने की भी तैयारी कर ली है।
पशु-पक्षियों के प्रति संवेदना दिखाने का भी आग्रह
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपना और अपनों का ख्याल रखें, विशेष रूप से बच्चों एवं बुजुर्गों का। मुख्यमंत्री योगी ने लोगों को घर से बाहर निकलते समय सूती या खादी के ढीले वस्त्र पहनने की सलाह दी, ताकि लू और गर्मी से बचाव हो सके ।मुख्यमंत्री योगी ने अपने संदेश में लोगों से पशु-पक्षियों के प्रति संवेदना दिखाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गर्मी में बेजुबानों को पानी न मिलने से उनकी जान को खतरा रहता है इसलिए नागरिकों से आग्रह है कि वे छायादार जगह पर मिट्टी के बर्तन में पानी भरकर रखें। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए ऐसी कोई लापरवाही न करें, जिससे आग लगने का अंदेशा हो।
गोशालाओं में हरे चारे और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनश्चिति की जाएगी
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि सड़कों पर पानी का छिड़काव और छायादार स्थानों की व्यवस्था की जा रही है। श्रमिकों को लू, थकावट से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। औद्योगिक और निर्माण स्थलों पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, जबकि अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित लोगों के लिए विशेष उपचार व्यवस्था सुनिश्चति की गई है। तहसील, थाने, अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्रों पर निःशुल्क ठंडे पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही पशुधन और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। गोशालाओं में हरे चारे और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनश्चिति की जाएगी।




साइन इन