सांसद रवि किशन समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की स्वगणना
Gorakhpur News - गोरखपुर। मुख्य संवाददाता। जनगणना-2027 के तहत डिजिटल स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान को गति देने
गोरखपुर। मुख्य संवाददाता। जनगणना-2027 के तहत डिजिटल स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान को गति देने के लिए गुरुवार को जनपद में राजस्व एवं प्रशासन दिवस मना। इस अवसर पर सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन और विकास भवन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्व-गणना एप के माध्यम से अपने परिवार की गणना दर्ज कराई और आमजन को भी इसमें भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
स्व-गणना अभियान का कार्यक्रम
जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के पहले दिन केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, विधायक सरवन निषाद, डॉ विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ला, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, महेंद्र पाल सिंह, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा, नगर आयुक्त अजय जैन समेत कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्व-गणना करते हुए अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा, नगर आयुक्त अजय जैन, जिला जनगणना अधिकारी विनित कुमार सिंह ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना करने की अपील की।
स्व-गणना प्रक्रिया
उन्होंने बताया कि आमजन जनगणना निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर अपने मकान का चिन्हांकन कर सकते हैं। इसके बाद निर्धारित 33 प्रश्नों के उत्तर भरने पर 11 अंकों की एसई आईडी प्राप्त होगी। नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि यह आईडी मकान गणना के दौरान 22 मई से 20 जून के बीच घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी, जिसके सत्यापन के बाद जनगणना प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी। जिला प्रशासन ने लोगों से निर्धारित समयावधि में डिजिटल स्व-गणना पूरी करने और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन