इश्क बना जानलेवा! प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर की प्रेमी की हत्या, शव जलाकर जंगल में दफनाया
हमीरपुर में एक प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर प्रेमी की अपने घर ही में हत्या कर दी। इसके बाद शव जलाकर जंगल में दफना दिया। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दंपति को हिरासत में लिया तो दोनों ने वारदात कबूल कर ली है।

UP News: यूपी के हमीरपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां फतेहपुर के रहने वाले युवक की उसकी ही प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर अपने घर ही में हत्या कर दी। इसके बाद शव जलाकर कानपुर के घाटमपुर के रेउना के जंगल में दफना दिया। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दंपति को हिरासत में लिया तो दोनों ने वारदात कबूल कर ली है। पुलिस ने जला हुआ शव बरामद करने के साथ ही सैंपल डीएनए जांच के लिए भेजे हैं।
फतेहपुर जिले के टिकरा थाना बकेवर के रहने वाले इन्द्रपाल निषाद ने बताया था कि आठ मई को उसका बेटा विजय निषाद घर से बाइक से हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के मनकी गांव गया था। उसके बाद से वह लापता हो गया। पिता ने आरोप लगाया था कि बेटे के मनकी की निवासी किरन पत्नी कामता निषाद से प्रेम संबंध थे और उसने ही पति के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर दी है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया तो हत्या की बात कबूल कर ली।
बताया कि घर में हत्या करने के बाद शव घाटमपुर के रेउना थाना क्षेत्र के तहरापुर के जंगल में ले जाकर आग लगा दी है। बकेवर पुलिस रेउना पुलिस के साथ पहुंची तो घटनास्थल पर शव के अवशेष मिले। रेउना एसओ अनुज कुमार ने बताया कि अवशेषों को डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रेम-प्रसंग में हत्या की गई है। घटना का सोमवार को खुलासा किया जाएगा।
मेरठ में युवक का जला हुआ शव बरामद
उधर, मेरठ के दौराला के ग्राम शाहपुर-मामूरी मार्ग पर खेत में युवक का अधजला शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव के पास खड़ी बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी है। वारदात की जानकारी पर एसपी सिटी विनायक भोसले और सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस हत्या और आत्महत्या के पहलुओं पर जांच में जुटी हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर पेट्रोल की खाली बोतल आदि को कब्जे में लिया। इंस्पेक्टर दौराला सुमन कुमार सिंह ने बताया कि शव मुजफ्फरनगर के थाना जानसठ के गांव धनसारी निवासी 32 वर्षीय प्रवीण की है। टांडा गांव निवासी संजीव ने शव की शिनाख्त अपने जीजा के रूप में की।
हत्या-आत्महत्या में उलझी पुलिस
शव को लेकर पुलिस हत्या आत्महत्या में उलझी है। शव के पास बाइक और पेट्रोल की खाली बोतल मिलने से आत्मदाह की संभावना जताई जा रही है, लेकिन जिस तरह शव बुरी तरह जला हुआ मिला और जीभ दांतों में दबी दिखी, उससे गला दबाकर हत्या करने और शिनाख्त मिटाने के लिए शव जलाना प्रतीत हो रहा है। एसपी सिटी विनायक भोसले भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर थाना पुलिस से जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की पड़ताल के साथ मृतक की कॉल डिटेल और उसके हाल के संपर्कों की पर लगे सीसीटीवी कैमरो की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।




साइन इन