शादी के 14 साल बाद भी नहीं हो रहा था बच्चा, तनाव में आकर पति-पत्नी ने कर ली आत्महत्या
एटा में शादी के 14 साल बीत जाने के बाद भी बच्चा ना होने से आहत दंपत्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।

UP News: यूपी के एटा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां शादी के 14 साल बीत जाने के बाद भी बच्चा ना होने से आहत दंपत्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
ये घटना थाना निधौली कलां क्षेत्र के रशीदपुर गांव का है। 35 साल के भानु प्रताप सिंह की शादी 14 साल पहले रामा देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के कोई संतान नहीं हुई। संतान ना होने पर काफी इलाज भी कराया। डॉक्टरों ने रामादेवी की बच्चेदानी में गांठ बता दी थी। इसका अलीगढ़ में इलाज चल रहा था। दोनों इस बात को लेकर तनाव में रहते थे। मंगलवार की शाम को दोनों खेत पर काम करने के लिए चले गए। देर शाम तक घर नहीं आए तो परिवार के लोगों ने तलाश की। गांव के बाहर पेड पर दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले है। शव मिलने की जानकारी रात तीन बजे पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। इस मामले में एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। अभी तक आत्महत्या करने की बात प्रकाश में आ रही है। आत्महत्या के पीछे बच्चा ना होना बताया गया है। फिर भी पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
मासूम बेटे संग कुएं में कूदी मां
उधर, ललितपुर में एक महिला अपने तीन वर्षीय मासूम पुत्र को लेकर कुएं में कूद गई। जिससे उन दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम और गांव में मातम छाया रहा।
तालबेहट कोतवाली अंतर्गत म्याऊं ग्राम पंचायत स्थित अपने मायके में 25 वर्षीय रानी कुशवाहा पत्नी जाहर अपने तीन वर्षीय बेटे व्योम के साथ सोमवार रात शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह गांव के बाहर स्थित कुएं में मां-बेटे के शव पानी में उतरते हुए पाए गए। रानी पिछले एक महीने से अपने मायके में रह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस मामले में आत्महत्या की आशंका जता रही है। वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। तालबेहट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि मां-बेटे के शव कुएं में मिले हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




साइन इन