जीजा की बहन से शादी कराओ, वरना कूद जाऊंगा; टॉवर पर चढ़कर चिल्लाया युवक, दो घंटे तक ड्रामा
उरई जिले के एक गांव में युवक अपने प्यार को पाने की जिद में हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ गया। इसके बाद युवक ने चिल्ला-चिल्लाकर लोगों को इकट्ठा किया और “मेरी शादी जीजा की बहन से करवाओ, वरना मैं कूद जाऊंगा” की धमकी देते हुए करीब दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा किया।

Orai News: आपको शोले फिल्म तो याद ही होगी। शोले फिल्म में वीरू बने धर्मेन्द्र बसंती के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। गांव वालों के सामने खूब हंगामा किया था। कुछ ऐसा ही नजारा यूपी के उरई जिले में भी देखने को मिला है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवक अपने प्यार को पाने की जिद में हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ गया।
इसके बाद युवक ने चिल्ला-चिल्लाकर लोगों को इकट्ठा किया और “मेरी शादी जीजा की बहन से करवाओ, वरना मैं कूद जाऊंगा” की धमकी देते हुए करीब दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा किया। टॉवर के नीचे पुलिस, परिजन और ग्रामीण मनाने में जुटे रहे वहीं ऊपर युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। पुलिस के शादी करवाने के आश्वासन पर किसी तरह युवक नीचे उतरा। इसके बाद उसे कोतवाली लाकर उससे पूछताछ की गई और दोबारा ऐसी हरकत न करने की समझाइश दी गई।
शादी को लेकर घर वाले नहीं थे राजी
झांसी जिले के मुस्तरा थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक उरई कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले अपने जीजा की बहन से प्रेम करता है और उसी के साथ शादी कराने की जिद कर रहा था। घरवाले रिश्तेदारी की बात कहकर शादी से इनकार कर रहे थे। गुरुवार को एक बार फिर युवक ने जीजा की बहन से शादी कराने की जिद की। घरवालों के सख्ती से मना करने पर युवक गुस्से में घर से निकला और जीजा के गांव आकर टॉवर पर चढ़ गया। ग्रामीणों को जैसे ही इस घटना की जानकारी हुई मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। युवक का कहना था कि उसकी शादी जीजा की बहन से करवाओ, वरना वह कूद जाएगा।
दो घंटे बाद टावर से नीचे उतरा युवक
इधर घटना की सूचना मिलते ही उरई कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर युवक को शांत कराने और उसे नीचे उतरने के लिए मनाने में जुटे रहे। वहीं युवक बार-बार अपनी शादी की मांग दोहरा रहा था। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। शहर कोतवाल आनंद सिंह ने बताया कि बिजली टॉवर पर चढ़े युवक को मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अभी उसके खिलाफ किसी ने तहरीर नहीं दी है जबकि पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है।




साइन इन