drama of self kidnapping after being denied marriage to his girlfriend in rampur गर्लफ्रेंड से शादी नहीं होने पर खुद के अपहरण का ड्रामा; प्रेमिका की फैमिली को फंसाने की साजिश, ऐसे खुला राज, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गर्लफ्रेंड से शादी नहीं होने पर खुद के अपहरण का ड्रामा; प्रेमिका की फैमिली को फंसाने की साजिश, ऐसे खुला राज

पुलिस पूछताछ में पता चला कि हासिम का एक युवती से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इस पर हासिम ने युवती पक्ष को फंसाने के उद्देश्य से अपने साथी रेहान के साथ मिलकर अपहरण की झूठी कहानी रच दी।

Thu, 9 April 2026 09:50 AMsandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, स्वार (रामपुर)
share
गर्लफ्रेंड से शादी नहीं होने पर खुद के अपहरण का ड्रामा; प्रेमिका की फैमिली को फंसाने की साजिश, ऐसे खुला राज

रामपुर जिले के थाना स्वार क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते युवती पक्ष को फंसाने के उद्देश्य से युवक द्वारा खुद के अपहरण की झूठी कहानी रचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अलीनगर जागीर निवासी मोहम्मद हासिम 31 मार्च की रात अचानक लापता हो गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने हासिम को 7 अप्रैल को मुरादाबाद के दलपतपुर टोल प्लाजा के पास से बरामद कर लिया।

पूछताछ में पूरे कांड का खुलासा

पूछताछ में सामने आया कि हासिम का एक युवती से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इस पर हासिम ने युवती पक्ष को फंसाने के उद्देश्य से अपने साथी रेहान के साथ मिलकर अपहरण की झूठी कहानी रच दी। आरोप है कि दोनों ने यूपी-112 पर फर्जी कॉल कर अपहरण की सूचना दी और बाद में व्हाट्सएप के जरिए अपने परिवार से फिरौती की मांग भी की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गर्लफ्रेंड को मनाली घुमाने के लिए की लाखों की चोरी, 4 गिरफ्तार
ये भी पढ़ें:ब्रेकअप के डिप्रेशन में बहन का कत्ल, भाई ने सुनाई हैरान कर देने वाली कहानी

यूपी-112 पर झूठी कॉल, खुद मांगी फिरौती

आरोपी ने यूपी-112 पर झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। उसके साथ उसके साथी को भी पकड़ा गया है। इसके बाद उसने परिवार को ऑडियो मैसेज भेजकर फिरौती की मांग की। खुलासा हुआ कि यह पूरा घटनाक्रम प्रेम प्रसंग के चलते रचा गया था। स्वार कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि यह यूपी में अपनी तरह का पहला ऐसा केस है जिसमें अपने ही अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर फिरौती मांगी गई। बीएनएस की धाराओं में 10 साल से उम्रकैद तक का प्रावधान है।

प्रेम कहानी बनी साजिश

प्रेमिका से शादी करने की जिद हासिम को अपराध के रास्ते पर ले गई। स्वार क्षेत्र में युवक ने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर प्रेमिका के परिवार को फंसाने की कोशिश की। करीब तीन साल से चल रहे प्रेम संबंध में शादी न होने से नाराज युवक ने यह साजिश रची। उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर न सिर्फ खुद को गायब किया बल्कि परिजनों से फिरौती भी मांगी।

रामपुर एसपी सोमेंद्र मीना ने कहा कि युवक हासिम का स्वार कोतवाली क्षेत्र के मजरा निवासी एक युवती के साथ प्रेमप्रसंग चल रहा था। हासिम उसके साथ निकाह करना चाहता था जबकि युवती के परिजन खिलाफ थे। कई बार समझाने के बाद भी जब वह नहीं माने तो हासिम ने अपने दोस्त रेहान के साथ मिलकर खुद के अपहरण की साजिश रची। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।