Four shots were fired Vineet was murdered by Katra gang over an old rivalry in ghazipur रेकी के बाद 4 गोलियां मारी थीं; पुरानी रंजिश में कटरा गैंग ने विनीत की हत्या की, व्हाट्सअप पर गिरोह चलता है, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

रेकी के बाद 4 गोलियां मारी थीं; पुरानी रंजिश में कटरा गैंग ने विनीत की हत्या की, व्हाट्सअप पर गिरोह चलता है

गाजीपुर में होटल बिन्दु के मालिक आलोक राय के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश में कटरा गैंग के शंकर पांडेय और साथियों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर चार टीमें गठित की हैं। हत्या से पहले बदमाशों द्वारा रेकी किए जाने की भी बात सामने आई है।

Sun, 31 May 2026 04:10 PMsandeep हिन्दुस्तान, कार्यालय संवाददाता, गाजीपुर
share
रेकी के बाद 4 गोलियां मारी थीं; पुरानी रंजिश में कटरा गैंग ने विनीत की हत्या की, व्हाट्सअप पर गिरोह चलता है

यूपी के गाजीपुर जिले की शहर कोतवाली में स्थित होटल बिन्दु के मालिक आलोक राय के बड़े बेटे विनीत राय की हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आ रही है। परिजनों के अनुसार वारदात को अंजाम कटरा गैंग के शंकर पांडेय ने साथियों के साथ मिलकर दिया है। मृतक के भाई आदेश की तहरीर पर पुलिस ने कटरा गैंग के सरगना गौसाबाद के शंकर पांडेय पुत्र रविशंकर पांडेय, आलोक दुबे, सोनू यादव, कमलेश चौधरी और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों को लगाया गया है जो बिहार के साथ ही पास के मऊ, आजमगढ़, वाराणसी समेत कई जिलों में छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। होटल मालिक आलोक राय ने बताया कि कटरा गैंग के कुख्यात अपराधी शंकर पांडे ने अपने चार-पांच साथियों के साथ मिलकर मेरे बेटे की हत्या की है।

2024 में पैसे नहीं देने पर होटल पर हमला किया था

2024 में इस गैंग ने मुझसे पैसे मांगे थे। जब मैंने नहीं दिए तो होटल पर हमला किया गया। आरोपियों ने होटल के शीशे और अन्य सामान तोड़ दिए थे। मैंने डीजीपी, मुख्यमंत्री, एडीजी और एसपी समेत कई अधिकारियों से लिखित शिकायत की थी, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। मैं सीएम योगी से मांग करता हूं कि इस गिरोह का सफाया किया जाए। विनीत राय की शादी एक साल पहले चंदौली के पईं गांव निवासी संजय राय की बेटी अदिति राय से हुई थी। संजय राय का परिवार वाराणसी के सिगरा के चंद्रिकानगर कॉलोनी में निवास करता है। दोनों को दो महीने की एक बेटी है। एमएससी और डी.फार्मा करने के बाद विनीत होटल का मैनेजमेंट संभालता था। वह होटल का रेनोवेशन करवा रहा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लड़कों से दोस्ती और बात करने पर मर्डर; भांजी को मामा ने मार डाला
ये भी पढ़ें:यूपी: बहुचर्चित गनर मर्डर केस में 8 को उम्रकैद की सजा, 1-1 लाख का जुर्माना भी

मोबाइल चार्जिंग के बहाने जुटाई जानकारी

कारोबारी आलोक राय के जीजा उदय सिंह ने बताया कि घटनास्थल से छह-सात खोखे भी बरामद हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद यदि तत्काल नाकेबंदी और घेराबंदी की गई होती तो आरोपियों को उसी रात पकड़ा जा सकता था। होटल कारोबारी के 28 साल के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या करने से पहले बदमाशों ने बकायदा रेकी की थी। यही नहीं घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों की जानकारी लेने के लिए ही सुरक्षा गार्ड से बीयर खरीदने के बारे में पूछ रहे थे और मोबाइल चार्जिंग के बहाने उन्होंने मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई।

रेकी के बाद विनीत को 4 गोलियां मारी

इसके बाद घटनास्थल के साथ ही आसपास करीब तीन बाइकों पर दो-दो की संख्या में बदमाश खड़े थे। नकाबपोश बदमाशों ने होटल के गेट पर घेरकर चार गोलियां मारीं जिससे मौके पर ही विनीत की मौत हो गई। हाथ और कमर में एक-एक गोली लगी, जबकि सीने में दो गोलियां मारीं। बदमाशों ने गार्ड को भी मारने के लिए दौड़ाया। उसने भागकर जान बचाई। इसके बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गार्ड ने होटल मालिक को फोन कर सूचना दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एकतरफा प्यार में सिरफिरे की करतूत; मासूम को पटक-पटक कर मार डाला, पुलिस ने दबोचा

शराब पीने के दौरान हंगामा हुआ था

वर्ष 2024 के फरवरी महीने में होटल बिन्दु के बार में शराब पीने के दौरान हंगामा करने पर होटल मालिक और उसके बेटों समेत स्टाफ ने शंकर पांडेय को पीटा था। इसके बाद शंकर पांडेय ने 16 फरवरी को होटल में तोड़फोड़ और फायरिंग की थी। जिसमें होटल मालिक आलोक राय की तहरीर पर शंकर पांडेय, सोनू यादव, कमलेश चौधरी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में 17 सितम्बर 2024 को शंकर पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह पांच अगस्त 2025 तक जेल में बंद रहा। जेल में बंद रहने के दौरान एसपी के पत्र पर शंकर को मऊ जेल ट्रांसफर किया गया था। छह अगस्त 2025 को यह जेल से रिहा हुआ था।

शंकर पांडेय गैंग का है सरगना

पुलिस के मुताबिक शंकर पांडेय क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है। वह ‘कटरा गैंग’ नाम से गिरोह चलाता है। इस गैंग में कई युवक शामिल हैं, जो लूटपाट, दबंगई और अवैध वसूली जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। गैंग एक ‌व्हाट्सअप ग्रुप के जरिए संचालित होता है। जब किसी वारदात को अंजाम देना होता है, तो ग्रुप में मैसेज आता है। इसके बाद बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। सूत्रों के अनुसार शंकर पांडेय पर हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मुकदमा है। कुछ समय के लिए इसे जिलाबदर भी किया गया था।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।