दुल्हन लाने डोली में निकले दूल्हे राजा, बैलगाड़ी से चले बाराती; यूपी में अनोखी बारात
यूपी में एक अनोखी बारात देखने को मिली है। यहां डोली में दूल्हे राजा निकले तो बैलगाड़ी व ई-रिक्शा में सवार होकर बाराती चल दिए। इस अनोखी बारात को देखने के लिए कई गांवों के लोग पहुंचे।

UP News: यूपी के देवरिया जिले के भागलपुर कस्बा से सोमवार को निकली एक अनोखी बारात ने पुराने दिनों की याद दिला दी। डोली में दूल्हे राजा निकले तो बैलगाड़ी व ई-रिक्शा में सवार होकर बाराती चल दिए। इस अनोखी बारात को देखने के लिए कई गांवों के लोग पहुंचे और बारात के साथ वीडियो बनाने के साथ ही सेल्फी भी ली। संस्कृति और रिवाजों से जोड़ने के इस प्रयास को हर किसी ने सराहा।
भागलपुर कस्बा के रहने वाले पूर्व सैनिक वीरेंद्र यादव ने अपने बेटे अभिषेक यादव की शादी सलेमपुर विकास खंड के ग्राम चांदपलिया के रहने वाले अवधेश यादव की बेटी निशा यादव से तय की है। सोमवार को जब बारात चांदपलिया के लिए निकली तो बारात देखने को लोग उमड़ पड़े। बारात ही कुछ ऐसी थी कि लोगों को कई दशक पूर्व की याद दिला दी। दूल्हा बने अभिषेक यादव डोली से निकले। चार कहांर जब सजी डोली को लेकर आगे बढ़े तो हर कोई देखने को मजबूर हो गया। इतना ही नहीं, बारातियों के लिए भी कुछ खास ही इंतजाम किया गया था। उनके जाने के लिए बैलगाड़ी व ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई थी। बारात में शामिल होने जा रहे लोग जब बैलगाड़ी पर सवार हुए तो उन्हें भी पुराने दिनों की अनुभूति हुई।
अभिषेक यादव ने बताया कि उनके पूर्वजों की शादी विवाह, गवना डोली में होती थी, लेकिन समय के साथ यह परंपरा धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही थी। इस परंपरा को फिर से जीवित करने के उद्देश्य से हमने डोली बुक कर अपनी बारात उसी परंपरागत अंदाज़ में निकाली। कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और रिवाजों से जोड़ने का एक सुंदर प्रयास है, वही दूल्हे ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि हमारी पुरानी परंपराएं हमारी पहचान हैं, आधुनिकता के साथ-साथ हमें इन्हें भी अपने जीवन में उतारना चाहिए। वही अनोखी बारात न सिर्फ एक अच्छा संदेश दिया, बल्कि संस्कृति और विरासत को पुनर्जीवित करने का प्रतीक बन गई।




साइन इन