मामी की बहन से प्यार में फिसला युवक, अब अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग, FIR दर्ज
फिरोजाबाद में एक युवक ने अपनी मामी की शादीशुदा बहन पर प्रेमजाल में फंसाने के बाद ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पति के साथ मिलकर आरोपी महिला ने पहले युवक से 90 हजार रुपये ऐंठे और अब अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर 2 लाख रुपये मांग रही है।

UP News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने 'हनीट्रैप' के एक नए और खौफनाक चेहरे को उजागर किया है। यहाँ एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने ही दूर के रिश्तेदार को प्रेमजाल में फंसाया और अब अश्लील फोटो व वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर लाखों रुपये की उगाही कर रही है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने दिल्ली निवासी आरोपी दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साजिश के तहत बढ़ाई नजदीकियां
मामला फिरोजाबाद के थाना दक्षिण अंतर्गत महावीर नगर का है। यहाँ के निवासी अभिषेक जैन ने दिल्ली निवासी अंजलि जैन और उसके पति आलोक जैन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। अंजलि रिश्ते में अभिषेक की मामी की बहन लगती है। आरोप है कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत अंजलि ने अभिषेक से दोस्ती बढ़ाई। वह अक्सर फिरोजाबाद अपनी बुआ के घर आने के बहाने अभिषेक से मिलने लगी। हैरानी की बात यह है कि अंजलि का पति आलोक खुद उसे छोड़कर जाता था और कहता था कि वह यहाँ कुछ दिन रुकना चाहती है।
होटल, रेस्टोरेंट और फिर मोबाइल की चोरी
अभिषेक ने बताया कि जब वह अंजलि के प्रेमजाल में पूरी तरह फंस गया, तो वे साथ में होटलों, पार्कों और रेस्टोरेंट में घूमने जाने लगे। इस दौरान कई सेल्फी और फोटो खींचे गए। साजिश को आगे बढ़ाते हुए अंजलि ने अभिषेक का मोबाइल फोन यह कहकर मांग लिया कि उसे कुछ काम है और वह फोन लेकर दिल्ली चली गई। जब अभिषेक ने अपना फोन वापस मांगा, तो अंजलि ने रंग बदलना शुरू कर दिया। उसने फोन लौटाने के बदले पहले 40 हजार और फिर 50 हजार रुपये ऐंठ लिए।
2 लाख की डिमांड और सुसाइड की धमकी
अब आरोपी दंपति ने अभिषेक को पूरी तरह ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया है। अभिषेक का आरोप है कि अंजलि और उसका पति अब 2 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे हैं। रुपये न देने पर साथ में खींची गई तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी जा रही है। अभिषेक ने बताया कि ये लोग घर आकर गाली-गलौज भी कर चुके हैं। परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन जब वहां सुनवाई नहीं हुई, तो उसने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की शरण ली।
हनीट्रैप का प्रोफेशनल गैंग?
अभिषेक का दावा है कि अंजलि और आलोक पेशेवर तरीके से युवकों को इसी तरह फंसाते हैं। महिला पहले दोस्ती कर जाल बिछाती है और पति उस जाल को कसने में मदद करता है। पुलिस अब अंजलि द्वारा इंस्टाग्राम पर भेजे गए मैसेजेस और कॉल रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है। दक्षिण थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दिल्ली पुलिस से भी संपर्क साधा है।




साइन इन