नकाबपोश महिला ने तमंचा दिखाकर लूट ली ज्वेलरी शॉप, दिनदहाड़े वारदात से सहमा बाजार
अयोध्या के रुदौली में एक नकाबपोश महिला ने महेश ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर तमंचे के बल पर 26 ग्राम सोने के जेवरात लूट लिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में दहशत का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए महिला की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

UP News: धर्मनगरी अयोध्या के रुदौली थाना क्षेत्र में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के दुस्साहस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रुदौली नगर के कोठी मोहल्ला स्थित व्यस्त बाजार में बुधवार दोपहर एक नकाबपोश महिला ने फिल्मी अंदाज में 'महेश ज्वेलर्स' नामक दुकान में घुसकर लूटपाट की। महिला अपराधी ने सरेआम तमंचा लहराते हुए दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी और करीब 26 ग्राम सोने के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गई।
दुकानदार के अनुसार, बुधवार दोपहर लगभग दो बजे बाजार में सामान्य चहल-पहल थी। महेश ज्वेलर्स की दुकान पर कुछ ग्राहक जेवर देख रहे थे, तभी हिजाब पहने एक महिला वहां पहुंची। शुरुआती चंद मिनटों तक उसने आम ग्राहक की तरह व्यवहार किया और दुकानदार से सोने के हार दिखाने को कहा। जैसे ही दुकानदार ने काउंटर पर जेवर रखे, महिला ने पलक झपकते ही अपने पास छिपाया हुआ तमंचा निकाल लिया और दुकानदार की कनपटी पर तान दिया।
दहशत के साये में दुकानदार, मिनटों में खेल खत्म
अचानक हुए इस हमले से दुकानदार महेश हक्का-बक्का रह गया। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए महिला ने काउंटर पर रखे सोने के हार और चेन तेजी से अपने बैग में समेट लिए। वारदात को इतनी फुर्ती और शातिराना तरीके से अंजाम दिया गया कि आसपास के अन्य दुकानदारों को भनक तक नहीं लगी। जेवर लूटने के बाद महिला असलहा लहराते हुए तंग गलियों से फरार हो गई। जब तक दुकानदार शोर मचाते हुए बाहर निकला, आरोपी महिला ओझल हो चुकी थी।
पुलिस की सक्रियता पर सवाल, व्यापारियों में आक्रोश
दिनदहाड़े हुई इस लूट की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई, जिससे स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि अगर भीड़भाड़ वाले बाजार में महिलाएं हथियार लेकर लूटपाट करेंगी, तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगी? सूचना मिलते ही किला चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
सीसीटीवी में सुराग की तलाश
पुलिस ने ज्वेलरी शॉप और बाजार के अन्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकि, महिला के नकाबपोश होने के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। पुलिस हुलिए और भागने के रास्ते के आधार पर सुरागरसी में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन इस घटना ने रुदौली के व्यापारियों की रातों की नींद उड़ा दी है।




साइन इन