meerut groom fails to arrive for wedding love affair bride police complaint up news इंतजार करती रही दुल्हन, नहीं आई बारात, नौ माह चले प्रेम प्रसंग के बाद तय हुआ था रिश्ता, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

इंतजार करती रही दुल्हन, नहीं आई बारात, नौ माह चले प्रेम प्रसंग के बाद तय हुआ था रिश्ता

मेरठ के लिसाड़ीगेट में नौ महीने के प्रेम प्रसंग के बाद तय हुए रिश्ते के बाद भी दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। दुल्हन इंतजार करती रही और 300 लोगों का खाना धरा रह गया। सदमे में दुल्हन के पिता की हालत भी बिगड़ गई। दुल्हन ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है।

Fri, 3 April 2026 05:36 AMYogesh Yadav मेरठ, प्रमुख संवाददाता
share
इंतजार करती रही दुल्हन, नहीं आई बारात, नौ माह चले प्रेम प्रसंग के बाद तय हुआ था रिश्ता

UP News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों की अहमियत और भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर में एक युवती दुल्हन का जोड़ा पहनकर और हाथों में अपने होने वाले शौहर के नाम की मेहंदी रचाकर इंतजार करती रही, लेकिन बारात लेकर दूल्हा नहीं पहुंचा। इस धोखे ने न केवल खुशियों के घर में मातम फैला दिया, बल्कि अपनी बेटी का घर बसता देखने का सपना संजोए पिता को ऐसा सदमा लगा कि सीने में दर्द होने पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ गया है।

9 महीने का प्रेम प्रसंग और निकाह का वादा

जानकारी के अनुसार, श्यामनगर गली नंबर-3 की रहने वाली युवती का अपनी ही रिश्तेदारी के एक युवक से पिछले करीब 9 महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं। शुरुआत में युवक के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन युवती और उसके परिवार के समझाने पर युवक और उसके कुछ करीबी रिश्तेदारों ने सहमति दे दी। आपसी बातचीत के बाद 2 अप्रैल 2026 को निकाह की तारीख मुकर्रर की गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी पुलिस में फिर शुरू होगी भर्ती, योगी का ऐलान, इस साल 81000 को मिलेगी तैनाती

दावत की तैयारी और फिर मिला धोखा

गुरुवार को दुल्हन के घर पर जश्न का माहौल था। करीब 300 मेहमानों के लिए लजीज पकवान बनवाए गए थे, टेंट लग चुका था और रिश्तेदार जुट चुके थे। शाम होने को आई, लेकिन बारात का कोई अता-पता नहीं था। घबराए परिजनों ने जब दूल्हे और उसके परिवार को फोन मिलाया, तो उधर से कोई जवाब नहीं मिला। घंटों इंतजार और लगातार फोन कॉल अनसुने किए जाने के बाद यह साफ हो गया कि दूल्हा बारात लेकर नहीं आएगा। इस सदमे को युवती के पिता बर्दाश्त नहीं कर सके। उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वे बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

थाने पहुंची दुल्हन, दूसरे पक्ष की अजीब दलील

पिता को अस्पताल पहुंचाने के बाद, हिम्मत जुटाकर दुल्हन खुद अपने परिजनों के साथ लिसाड़ीगेट थाने पहुंची। उसने दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जब दूसरे पक्ष (दूल्हे पक्ष) से संपर्क किया, तो बिचौलिए के माध्यम से एक अजीब दलील सामने आई। दूल्हे पक्ष का कहना था कि दूल्हे की मां इस निकाह के खिलाफ थी और उनकी शर्त थी कि जब तक लड़की वाले घर आकर दोबारा बात नहीं करेंगे, बारात नहीं जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नकाबपोश महिला ने तमंचा दिखाकर लूट ली ज्वेलरी शॉप, दिनदहाड़े वारदात से सहमा बाजार
ये भी पढ़ें:रामपुर एसपी की विदाई पर फूट-फूटकर रोईं महिला सिपाही, कप्तान विद्यासागर भी भावुक

पुलिस की कार्रवाई और प्रयास

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, पुलिस को इस मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस टीम दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रही है ताकि युवती का घर बस सके। हालांकि, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि आपसी सहमति से बात नहीं बनी, तो धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल, पूरे इलाके में इस 'बेवफा दूल्हे' और बेबस दुल्हन की चर्चा हो रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।