42 डिग्री पहुंचा तापमान, चिलचिलाती धूप ने छुड़ाए पसीने
Fatehpur News - फतेहपुर में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है और लोग घरों में दुबक जाते हैं। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिहाड़ी मजदूरों और रिक्शा चालकों पर इसका सबसे ज्यादा असर हो रहा है। डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
फतेहपुर। दोआबा में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो जाते हैं। तापमान लगातार बढ़ने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सुबह नौ बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते बाजारों में चहल-पहल कम हो जाती है। गर्मी का असर सबसे ज्यादा दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों और राहगीरों पर पड़ रहा है। तेज धूप में काम करने वाले लोगों को लू लगने का खतरा बना हुआ है। जिला अस्पताल में भी उल्टी, चक्कर और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डाक्टरों ने लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों, नींबू पानी और शरबत की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। वहीं बिजली की कटौती ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। रात में भी उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है, जिससे लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। प्रशासन भी लगातार लोगों से सतर्क रहने, धूप से बचाव करने और लू से संबंधित लक्षण दिखने पर तुरंत डाक्टरों से सहायता लेने की अपील कर रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन