District Peace Committee Meeting for Ganga Dussehra and Bakrid Safety गंगा घाट पर रखे सुरक्षा के कड़े इंतजाम , वॉच टॉवर स्थापित करें, Farrukhabad-kannauj Hindi News - Hindustan
More

गंगा घाट पर रखे सुरक्षा के कड़े इंतजाम , वॉच टॉवर स्थापित करें

Farrukhabad-kannauj News - फर्रुखाबाद में गंगा दशहरा और बकरीद के दृष्टिगत शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी घाटों पर चिकित्सा, पुलिस बल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बकरीद पर कुर्बानी के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

Fri, 22 May 2026 11:07 PMNewswrap हिन्दुस्तान, फर्रुखाबाद कन्नौज
share
गंगा घाट पर रखे सुरक्षा के कड़े इंतजाम , वॉच टॉवर स्थापित करें

फर्रुखाबाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में गंगा दशहरा एवं बकरीद के दृष्टिगत जिला स्तरीय शांति समिति/पीस कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के िलए दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पांचालघाट पर मेडिकल कैम्प स्थापित किया जाए तथा घाट के दोनों ओर 2- 2 एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए। घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे एवं पुलिस वॉच टॉवर स्थापित किए जाएं तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही नाव, नाविक एवं गोताखोरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाए तथा गंगा पुल पर लगी हाईमास्ट लाइट को तत्काल ठीक कराया जाए। पार्किंग स्थलों पर स्पष्ट साइनेज लगाए जाएं एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखी जाए। उन्होंने श्रंगीरामपुर एवं ढाई घाट पर भी 2- 2 एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सोशल मीडिया पर न करें कुर्बानी से संबंधित फोटो या वीडियो पोस्ट

बैठक में दिए गए निर्देश

बैठक में जिला पंचायत को अपने सभी घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा सभी घाटों पर गोताखोरों की तैनाती कर उनकी सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि पांचाल घाट सहित सभी प्रमुख स्थलों पर पेयजल आपूर्ति, मोबाइल टॉयलेट एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त सभी घाटों पर पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के िलए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए । बकरीद के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सभी ईदगाहों एवं मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बेहतर साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। मुस्लिम समुदाय क्षेत्रों में प्रतिदिन कम से कम दो बार कूड़ेदानों की सफाई कराई जाए तथा इसकी विशेष मॉनिटरिंग की जाए। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी खुली जगह पर नमाज अदा न की जाए। किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न की जाए तथा खुले में कुर्बानी न हो। चिन्हित स्थलों पर ही कुर्बानी किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुर्बानी से संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सभी नागरिक एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें तथा आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम

पुलिस अधीक्षक के निर्देश

पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास न करे। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा ट्रैफिक डायवर्जन का समय एवं रूट चार्ट पूर्व निर्धारित कर प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, संबंधित अधिकारी, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बकरीद पर्व को लेकर सदर थाना में शांति समिति की बैठक

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।