बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसल को देखकर किसान को पड़ा हार्ट अटैक, अस्पताल में तोड़ा दम
बुंदेलखंड क्षेत्र में बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसल को देख नरैनी तहसील के मोतियारी गांव के एक किसान को हार्ट अटैक पड़ गया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल दौड़े, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

Banda News: बुंदेलखंड क्षेत्र में बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसल को देख नरैनी तहसील के मोतियारी गांव के एक किसान को हार्ट अटैक पड़ गया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल दौड़े, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नरैनी तहसील क्षेत्र के मोतियारी गांव निवासी बसंत यादव ने बताया कि उनके चचेरे भाई 50 वर्षीय उद्र प्रताप यादव उर्फ डब्लू रात में हुई बारिश के बाद सुबह 5 बजे खेत देखने गए थे। बारिश और तेज हवा के चलते खेतों में पककर खड़ी गेहूं की फसल जमीन पर गिरी पड़ी थी। इसके बाद वह सदमे में आ गए। चुपचाप वह घर आए और सीने में दर्द की बात कहते हुए चारपाई पर लेट गए। हालत बिगड़ते देख परिजन उन्हें सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेटी की शादी के लिए ले रखा था कर्ज
मृतक के छोटे भाई राकेश ने बताया कि भइया उद्र प्रताप के पास एक बीघा जमीन है। दस बीघा खेत बटाई पर लिए थे। उनके दो बेटे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। भइया जिस खेत को देखने गए थे उसमें गेहूं की फसल थी। पिछले वर्ष एक बेटी की शादी की थी। इसके लिए उन्होंने साहूकारों से पचास हजार रुपए का कर्ज लिया था। उन्हें उम्मीद थी कि फसल उठने के बाद वह कर्ज चुका देंगे, पर बेमौसम बारिश से वे चिंतित थे। नरैनी तहसीलदार संतोष कुमार ने बताया कि नायब तहसीलदार को गांव भेजा गया है। अगर फसल में नुकसान से किसान की मौत हुई होगी तो मदद दिलाई जाएगी। वहीं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। एसडीएम से रिपोर्ट मांगी गई है।
क्रिकेट खेलते समय छात्र की मौत, दिल का दौरा पड़ने की आशंका
वहीं बरेली में शुक्रवार को क्रिकेट खेलते समय बीएससी के एक छात्र की अचानक मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि परिजन मौत की वजह दिल का दौरा मान रहे हैं और ईद से ठीक पहले हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, हरहरपुर मटकली गांव निवासी 22 वर्षीय शाकिब दिल्ली में रहकर बीएससी की पढ़ाई कर रहा था और वह ईद मनाने करीब सात दिन पहले अपने घर आया था। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शाकिब अपने दोस्तों के साथ गांव के ईदगाह के पास मैदान में क्रिकेट खेल रहा था और इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा तथा उसकी सांस फूलने लगी। पुलिस के मुताबिक, परिजन और दोस्त उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।




साइन इन