यूपी के इस जिले में बिजली विभाग और विजिलेंस ने बनाया प्लान, घर-घर चलेगा चेकिंग अभियान
विभाग की लाख तैयारी के बावजूद प्रचंड गर्मी में बिजली सप्लाई लड़खड़ा गई है। लो वोल्टेज, फाल्ट और ट्रांसफार्मरों के जलने के चलते बिजली आपूर्ति चौपट हो गई है। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए CM योगी ने बिजली अधिकारियों को निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक बिजली सप्लाई देने का निर्देश दिया है।

UP News : भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति चुस्त-दुरुस्त रखने के सीएम योगी के निर्देश के बाद देवरिया में भी बिजली विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। सोमवार को अधीक्षण अभियंता अमित कुमार सिंह ने विजिलेंस और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर से लेकर गांव तक में बिजली चोरी की चेकिंग का निर्देश दिया है। उन्होंने मातहतों से कहा है कि हर हाल में कटिया कनेक्शन से बिजली चोरी रोकी जाए और बिना किसी बाधा के बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
गर्मी शुरू होने से पहले विभाग की लाख तैयारियों के बावजूद प्रचंड गर्मी में बिजली सप्लाई लड़खड़ा गई है। भीषण गर्मी में लो वोल्टेज, फाल्ट और ट्रांसफार्मरों के जलने के चलते बिजली आपूर्ति चौपट हो गई है। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए सीएम योगी ने बिजली अधिकारियों को कड़ा निर्देश देते हुए पूरे प्रदेश में निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक बिजली सप्लाई का निर्देश दिया है। सीएम योगी के निर्देश के बाद जिले में बिजली विभाग के अधिकारियों ने तेजी दिखाना शुरू कर दिया है। इस क्रम में सोमवार से जिले के चारों डिवीजनों देवरिया, सलेमपुर, बरहज और गौरीबाजार में कटिया कनेक्शनों की जांच होगी।
अभियान के तहत विजिलेंस टीम और बिजली विभाग के अधिकारी शहर सहित गांवों में घर-घर औचक निरीक्षण करेंगे। जिले के 43 बिजली उपकेंद्रों पर संचालित सभी फीडरों पर जिनकी ड्यूटी लगाई गई है वे इसकी निगरानी करेंगे। इसके अलावा अधिशासी अभियंता और एसडीओ अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर ट्रांसफार्मरों के लोड का भी आकलन करेंगे। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि हर हाल में तय सीमा में ट्रांसफार्मरों को बदलने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी एक्सईएन, एसडीओ और जेई को भ्रमण करने का निर्देश दिया गया है।
बिजली आपूर्ति का शेड्यूल
शासन ने शहर, तहसील मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति का अलग अलग शेड्यूल निर्धारित किया है। जिसमें शहरी क्षेत्र में 24 घंटे, तहसील मुख्यालय व उपनगरीय क्षेत्रों में 21.30 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे निर्देश है। लेकिन शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं मिल पा रही है। सर्वाधिक दिक्कत ग्रामीण क्षेत्रों में है।
देर रात अधीक्षण अभियंता ने की मोहल्लों में चेकिंग
सोमवार की देर रात अधीक्षण अभियंता अमित कुमार सिंह शहर के विभिन्न मोहल्लों में विभाग और विजिलेंस टीम के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उपभोक्ताओं के कनेक्शनों के लोड की भी जांच की गई। इस दौरान अधिशासी अभियंता चंद्रमा प्रसाद, उपखंड अधिकारी प्रत्यूष बल्लभ, अमित प्रताप सिंह सहित विजिलेंस के अवर अभियंता और अन्य सदस्य शामिल रहे।




साइन इन