यूपी में भीषण गर्मी के चलते इस जिले में कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों का समय बदला; DM का आदेश
यूपी में भीषण गर्मी के चलते अंबेडकरनगर जिले में कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों का समय बदल गया। अब इन कक्षाओं का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा। यह आदेश सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगा।

UP News: यूपी के अंबेडकरनगर जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कक्षा नौ से 12 तक के विद्यालयों के संचालन समय बदल दिया है। अब इन कक्षाओं का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा। यह आदेश सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू होगा।
जिले में इन दिनों तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे छात्र छात्रा परेशान हैं। इससे पहले जिलाधिकारी द्वारा कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया था। कक्षा 9 से 12 तक के समय परिवर्तन की मांग शिक्षक संघ के नेताओं और अभिभावकों द्वारा लगातार की जा रही थी। दोपहर 1:30 बजे छुट्टी होने के कारण छात्र-छात्राओं को तेज धूप में घर लौटना पड़ रहा था, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मंगलवार को जिलाधिकारी में इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे संशोधित समय के अनुसार ही कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करें। आदेश का अनुपालन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
परिषदीय स्कूल सुबह 7.30 से 12.30 तक चलेंगे
इसके पहले सोमवार को धूप की तपिश और गर्म हवाओं के बढ़ते असर को देख बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। कक्षा एक से 8 तक के परिषदीय स्कूल मंगलवार से सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक ही संचालित होंगे। यह समय सारणी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए जारी की गई है। शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेश एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए स्कूलों का समय सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक रहेगा।
इस संबंध में बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने 20 अप्रैल को सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों के नाम आदेश जारी कर दिया है। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने अपने 20 अप्रैल के अंक में प्रचंड गर्मी के कारण स्कूलों के समय बदले जाने की खबर प्रमुखता से छापी थी। इसके बाद विद्यालय में पठन-पाठन के लिए छात्र-छात्राएं सुबह 7.30 बजे से दोपहर के 12.30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। प्रार्थना सभा/योगाभ्यास सुबह 7.30 बजे से 7.40 बजे तक और मध्यावकाश सुबह 10.00 बजे से 10.15 बजे तक रहेगा। इसी को संज्ञान में लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। अभी तक स्कूलों का समय सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक था।




साइन इन