आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, छह यात्रियों की मौत, 19 घायल
उन्नाव में मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से गोरखपुर जा रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 19 घायल हैं।

UP News: यूपी के उन्नाव से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर औरास थाना क्षेत्र के दिपवल गांव के पास दिल्ली से गोरखपुर जा रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 19 घायल हैं। घायल यात्रियों को सीएचसी औरास से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं, सीएम योगी ने इस घटना को संज्ञान में लेते हुए मृतकों को परिजनों को मुआवजा देने का निर्देश दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार के दौरान स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइटर पर चढ़ गई और पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री उसके अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही औरास थाना प्रभारी संजीव कुमार कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा चालक को झपकी आने की वजह से हुआ। तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए पुलिया से जा टकराई और पलट गई।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस मृतकों की पहचान कराने में जुटी है। वहीं, इस मामले में औरास एसओ संजीव कुशवाहा ने बताया कि दिल्ली से बिहार जा रही एक बस एक्सप्रेसवे पर बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और 10 से ज़्यादा घायल हो गए।
मरने वालों में एक कैदी और सब इंस्पेक्टर भी शामिल
जानकारी के मुताबिक हादसे में मरने वालों में एक सब-इंस्पेक्टर और एक कैदी भी शामिल हैं। मृतक सब-इंस्पेक्टर रामचंद्र, कैदी छत्रपाल के साथ बिहार के सीवान से दिल्ली आए थे और वहां से लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसा औरास थाना क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर नंबर 262 पर हुआ।
योगी ने मामले को संज्ञा में लिया
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यना ने तत्काल संज्ञान में लिया। सीएम ने हादसे में हुई लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित कराने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
एक्सप्रेसवे पर दो ट्रक भिड़े, चालक-खलासी की मौत
इससे पहले सोमवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसा हुआ। कल सुबह एक हादसे में चालक और परिचालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों सड़क किनारे खड़े ट्रक के टायर की हवा चेक कर रहे थे। तभी पीछे से आया एक तेज रफ्तार ट्रक खड़े ट्रक में जा घुसा। इसमें ये दोनों भी चपेट में आ गए। पुलिस ने शिनाख्त के बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।




साइन इन