डोली उठाई तो दूल्हे को गोली मार देंगे...बारात के पहुंचते ही शादी में क्यों मच गया बवाल?
झांसी में कटेरा थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात गांव पड़रा में शादी समारोह में किसी बात पर विवाद हो गया। जिसमें घराती और बाराती भिड़ गए।

यूपी के झांसी में कटेरा थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात गांव पड़रा में शादी समारोह में किसी बात पर विवाद हो गया। जिसमें घराती और बाराती भिड़ गए। कुछ लोगों ने बारातियों को बेहरमीं से पीट दिया। मारपीट में छह लोग घायल हो गए। दूल्हे के पिता ने बेटे पर तमंचा तानकर विदाई कराने पर गोली मारने का आरोप लगाया है। किसी ने इसका वीडियो वॉयरल कर दिया। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने इसी के आधार पर जांच शुरू कर मामला शांत कराया। गुरुवार सुबह किसी तरह दुल्हन की विदाई हुई।
गांव पड़रा में मध्य प्रदेश के छतरपुर के गांव खरका निवासी गजाधर श्रीवास अपने बेटे की बारात लेकर बुधवार की रात दिनेश श्रीवास के घर आए थे। देर रात डीजे बज रहा था। टीके की तैयारियां हो रही थीं। इसी बीच कुछ लोग शराब के नशे में आए और बारातियों से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू हो गई। जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घराती-बाराती घरों में दुबक गए। दूल्हे के पिता गजाधर ने आरोप लगाया कि दबंगों ने पहले दूल्हे के ऊपर कट्टा तान दिया और इसके बाद बारातियों को बेहरमीं से पीटा। जिसमें कई लोग घायल हो गए। बताया यह लोग विदाई पर दूल्हे को गोली मारने की धमकी दे रहे थे। वहीं सूचना पर पहुंची कटेरा थाना पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया।
पुलिस को देख दबंग भाग गए। हालांकि पुलिस मामला शांत कराकर चली गई। इसके बाद फिर कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मामले में कटेरा देहात इंचार्ज उमेश चंद्र ने बताया कि झगड़ा हुआ था। मौके पर जाकर शांत कराया गया। दोबारा जांच की गई तो सुबह वक्त वहां भांवरे पड़ रही थीं। माहौल सामान्य है। जांच की जा रही है। अगर कोई शिकायत आती है तो अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शादी समारोह में मची अफरा-तफरी
बुधवार की देर रात शादी समारोह में सभी लोग खुश थे। घराती बारातियों के स्वागत में लगे थे। सूत्रों की मानें तो डीजे को लेकर विवाद हुआ। इलाके के कुछ से पहले गाली-गलौज हुई। फिर मारपीट शुरू हो गई। इससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में करीब छह बाराती घायल हो गए।
राजी-खुशी से हुई विदाई
ग्रामीणों ने बताया कि रात शादी-समारोह में विवाद हुआ था। गुरुवार को सुबह आराम से विदाई हुई। दूल्हा पक्ष के लोग दुल्हन को विदा कराकर ले गए हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चतुर्भुज कुशवाहा ने बताया कि श्रीवास दिनेश की बेटी की शादी थी। जहां कुछ विवाद हुआ। उसकी विदाई हो गई है।
साहब, बेटे को मिली धमकी
दूल्हे के पिता गजाधर श्रीवास ने बताया कि पूरी रात बेटे की राजी-खुशी से शादी नहीं करने दी। पूरी घटना मोबाइल में बनाए गए वीडियो में कैद हुई है। जिससे दूल्हा बना बेटा भी घबरा गया। उसकी सुरक्षा में लोग लगे रहे। गजाधर श्रीवास ने कटेरा थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




साइन इन