मंडप सजा, मेहमान जुटे...लेकिन नहीं आई बारात, एक फोन ने तोड़े दुल्हन के सारे अरमान
फतेहपुर में दूल्हे के अचानक घर से भाग जाने से सजी-धजी दुल्हन रात भर बारात का इंतजार करती रह गई। शादी की सभी तैयारियां पूरी थीं और मेहमान भी जुटे थे, लेकिन देर रात तक बारात न आने पर फोन से मिली जानकारी ने सबको हैरान कर दिया।

Fatehpur News: यूपी के फतेहपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। जहां दूल्हे के अचानक घर से भाग जाने से सजी-धजी दुल्हन रात भर बारात का इंतजार करती रह गई। शादी की सभी तैयारियां पूरी थीं और मेहमान भी जुटे थे, लेकिन देर रात तक बारात न आने पर फोन से मिली जानकारी ने सबको हैरान कर दिया। दूल्हे के अचानक गायब होने से खुशियों का माहौल पल भर में मायूसी में बदल गया और अंततः शादी टूट गई।
मलवां थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी राधा नगर नई बस्ती के युवक के साथ तय किया था। 24 सितंबर 2025 को वरीक्षा (सगाई) का कार्यक्रम हुआ। दोनों परिवारों की सहमति से 9 मार्च 2026 को विवाह की तिथि तय की गई। निर्धारित दिन पर लड़की के घर में सुबह से ही शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। आंगन सजा था, रिश्तेदार और मेहमान भी जुट गए थे। देर शाम दुल्हन भी विवाह की रस्मों के लिए तैयार हो गई। रात करीब दस बजे तक जब बारात नहीं आई तो लड़की के घरवालों को चिंता सताने लगी।
दूल्हा नहीं करना चाहता है शादी
लड़की के पिता ने लड़के के पिता को फोन कर अभी तक बारात न आने का कारण पूछा। इस पर लड़के के पिता ने बताया कि उनका बेटा शादी नहीं करना चाहता है। यही नहीं वह घर से भी कहीं चला गया है। यह सुनते ही लड़की का पिता अवाक रह गए। शादी के घर में हड़कंप मच गया। परिजनों के मुताबिक सब कुछ ठीक चल रहा था। शादी से पहले हल्दी, मेंहदी की रस्में भी हुईं, अचानक पता नहीं ऐसा क्या हुआ कि दूल्हा बारात नहीं लाया। लड़की के पिता ने मलवां थाने में तहरीर दी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है।
शादी टूटने से एक झटके में बिखर गए सपने
खुशियों से भरा घर अचानक गम में डूब गया। दुल्हन के हाथों में रची मेंहदी की चमक उसकी आंखों से गिर रहे आंसुओं से फीकी पड़ रही थी। मां उसे संभालने की कोशिश कर रही थी। पिता बेटी के भविष्य की चिंता में टूटे नजर आए। रिश्तेदार रात भर ढांढस बंधाते रहे। इस मामले में राधानगर थाना प्रभारी विनोद मौर्य का कहना है कि दोनों पक्षों ने आपस में सुलह समझौता कर लिया है। शादी क्यों टूटी है इसकी जानकारी नहीं है। वहीं, ये मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।




साइन इन