डिप्टी CM केशव मौर्य दिल्ली में नितिन नवीन और विनोद तावड़े से मिले, मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज
रविवार को डिप्टी सीएम केशव मौर्य की दिल्ली में हुई मुलाकातों की तस्वीरें सामने आईं तो यूपी के राजनीतिक गलियारों में कयासबाजियों का सिलसिला फिर शुरू हो गया। योगी मंत्रिमंडल और संगठन विस्तार की चर्चाओं के बीच इन मुलाकातों को काफी अहम बताया जाने लगा।

UP Politics : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की रविवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े से मिले। इधर लखनऊ में इन मुलाकात को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गईं। पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई कार्यकारिणी के गठन की चर्चा जोरों पर है। इस बीच लखनऊ से दिल्ली तक हर छोटी-बड़ी राजनीतिक गतिविधि पर नेताओं, कार्यकर्ताओं और राजनीति में रुचि रखने वालों की नजर है।
ऐसे में रविवार को डिप्टी सीएम केशव मौर्य की दिल्ली में हुई मुलाकातों की तस्वीरें सामने आईं तो यूपी के राजनीतिक गलियारों में कयासबाजियों का सिलसिला फिर शुरू हो गया। बता दें कि योगी मंत्रिमंडल का विस्तार 2024 में हुए लोकसभा चुनाव से ही टलता चला आ रहा है। वहीं पंकज चौधरी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के भी कई महीने बीत चुके हैं लेकिन कार्यकारिणी का गठन नहीं हुआ है। पिछले महीने ही भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि इसकी रिपोर्ट भी केंद्रीय नेतृत्व को दी गई थी।
शनिवार को दिल्ली पहुंचे थे दोनों डिप्टी सीएम और भूपेंद्र चौधरी
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी शनिवार को ही दिल्ली पहुंचे थे। रविवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर अपने अधिकारी हैंडल से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और महासचिव विनोद तावड़े से मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने दोनों से मुलाकात का उल्लेख किया तो लखनऊ में चर्चाएं तेज हो गईं। कहा जाने लगा कि इन मुलाकातों में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन की नई टीम को लेकर चर्चा हुई होगी। हालांकि न डिप्टी सीएम न किसी और ने इन मुलाकातों के दौरान हुई बातों के बारे में कोई जानकारी दी है।
बीएल संतोष और सम्राट चौधरी से भी मिले केशव
दिल्ली में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा मुख्यालय पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और बिहार के सीएम सम्राट चौधरी से भी मुलाकात की। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को नए दायित्व की बधाई दी। उन्होंने इन मुलाकातों की जानकारी भी ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए दीं।




साइन इन