भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल, पारा 40 पार
Deoria News - देवरिया में अप्रैल माह में गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। लोग तेज धूप से बचने के लिए उपाय कर रहे हैं।

देवरिया, निज संवाददाता। जनपद में गर्मी ने अप्रैल माह में ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बाकि दिनों के मुकाबले सोमवार को मौसम अत्यधिक गर्म रहा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।अप्रैल माह की शुरूआत से ही गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह दस बजते-बजते लू के थपेड़े शुरू हो जा रहे हैं। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। सोमवार को गर्मी अन्य दिनों की अपेक्षा अत्यधिक थी। सुबह ही चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया।
तेज धूप से पूरे दिन जनजीवन बेहाल रहा। कई जगहों पर दोपहर में गर्मी के चलते सन्नाटा पसर गया। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। पेड़-पौधे की आड़ में लोगों ने शरण लेकर धूप कम होने का इंतजार किया। कई लोगों ने तेज धूप के कारण चक्कर व सिर दर्द होने की बात बताई। लोग बाजारों में जल्दी काम निपटाकर जल्द घर जाते दिखे। दोपहर में सड़क पर सवारी ढोने वाले वाहन खाली पड़ गए।लोग इन बातों का जरूर रखें ध्यान-छोटे बच्चों और बुजुर्गों को धूप में जाने से बचाएं।-शराब, चाय और कॉफी का सेवन कम करें। इससे शरीर को निर्जलित कर सकते हैं।-गर्मी में अचानक से ठंडे तापमान (जैसे तेज धूप के बाद तुरंत एसी) में जाने से बचें।-प्यास न लगने पर भी नियमित पानी पीते रहें। नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और ओआरएस घोल का उपयोग करें।-खान-पान में तरबूज, खीरा, ककड़ी जैसे पानी से भरपूर फल खाएं। बासी भोजन और बाहर के कटे फलों से बचें।-धूप से बचाव करें। सुबह 10 से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। धूप में चश्मा, टोपी, छतरी का प्रयोग करें।-गर्मी में पहनावे का ध्यान रखें। हल्के रंग के, सूती और ढीले कपड़े पहनें ताकि शरीर को हवा मिल सके।-लू के लक्षणों का ध्यान रखें। चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी या कमजोरी होने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन