बस से गांव निकले जिला पंचायत अध्यक्ष, राज्य मंत्री ने भी हटाया काफिला
Deoria News - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने के आह्वान पर जिले के जनप्रतिनिधियों ने इसका पालन करना शुरू कर दिया है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने ई-रिक्शा का उपयोग किया, जबकि विधायक विजय लक्ष्मी गौतम ने इलेक्ट्रॉनिक वाहन का उपयोग किया। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी गाड़ी के उपयोग में कमी लाने का संकल्प लिया।

देवरिया, निज संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन की बचत के आह्वान को जिले के जनप्रतिनियों ने भी अमल करना शुरू कर दिया है। गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी अपने चार पहिया वाहन से गांव न जाकर ई रिक्शा से बस स्टैंड पहुंच बस से गांव गए। वहीं सलेमपुर विधायक व राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने भी डीजल पेट्रोल की बचत करते हुए अपनी स्कॉट हटाते हुए गुरुवार को लखनऊ में इलेक्ट्रॉनिक वाहन का उपयोग किया। इसके अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों का भी कहना है कि वे कम से कम गाड़ी का उपयोग करके पेट्रोलियम पदार्थो की बचत करेंगे。
जनप्रतिनिधियों की पहल
गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष तिवारी जिला पंचायत परिसर स्थित अपने आवास से गनर के साथ ई-रिक्शा व बस की सवारी कर अपने गांव महाईचपार पहुंचे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र हित में ईंधन की बचत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसलिए मैने यह निर्णय लिया है।
विधायक विजय लक्ष्मी गौतम का निर्णय
उधर सलेमपुर से विधायक व राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने भी ईंधन की बचत के लिए लखनऊ में इलेक्ट्रॉनिक वाहन का उपयोग किया और बिना स्कॉट के ही चलीं। उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास होगा कि जरूरी दौरे पर ही वाहन का उपयोग हो। इसके साथ ही वाहनों के काफिले में भी कटौती हो।
अन्य विधायकों का ईंधन बचाने का प्रयास
सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि तेल की बचत के लिए मेरा प्रयास है कि आसपास के क्षेत्रों में दो पहिया वाहन से ही चलूँ। साथ में कोई वाहनों का काफिला नहीं रहेगा। बहुत जरूरी कार्य होने व दूर जाने के लिए वाहन का उपयोग करूंगा। भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा ने भी व्यक्तिगत स्तर पर पहल करते हुए कहा है कि वे अपनी गाड़ी का उपयोग न्यूनतम करेंगे। जहां तक संभव होगा, वे मोटरसाइकिल या अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग करेंगे, ताकि ईंधन की बचत हो सके।
ईरान-अमेरिका तनाव और ईंधन बचत
पूर्व मंत्री व रुद्रपुर विधायक जय प्रकाश निषाद ने कहा कि ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध और तनाव के कारण पूरी दुनिया के सामने संकट की स्थिति हो गई है। ऐसे में पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है। हम सभी को देश हित में ईधन बचाना बहुत ही आवश्यक है। तेल बचाने के लिए जरूरत पड़ने पर ही चार पहिया वाहनों का उपयोग किया जाएगा। वहीं रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि पहले से ही सिर्फ एक गाड़ी से चलता हूं। हमारी कोशिश है कि उसका भी कम से कम उपयोग करूं।
कृषि मंत्री का वाहन संख्या में कटौती
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री के देश द्वारा देश हित में की गई अपील को देखते हुए ईंधन बचाने के लिए वाहनों की संख्या में कटौती कर दिया हूं। गुरुवार को बहराइच दौरे के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वाहन को हटा दिया गया था। उन्होंने प्रदेश व देश की जनता के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्र की भी जनता से अपील किया देश हित में ईंधन की बचत जरूरी है।
बरहज विधायक का बुलेट से भ्रमण
बरहज विधायक दीपक मिश्र शाका ने गुरुवार को तेल की बचत के लिए चार पहिया वाहन का उपयोग करने की बजाय दो पहिया वाहन का उपयोग किया। उन्होंने हेलमेट पहन बुलेट से क्षेत्र के देहनी, सतरांव, मगहरा, बरठी आदि गांवों में भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर तेल की बचत करने के लिए मोटरसाइकिल क्षेत्र में दो पहिया वाहन से भ्रमण कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी व विधायक बनने के बाद भी मोटरसाइकिल से क्षेत्र में अक्सर भ्रमण करता हूं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन