एक ही रस्सी से लटकती मिली प्रेमी-प्रेमिका की लाश, आज आनी थी लड़की की बारात
युवती रात में घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर पेड़ पर दोनों के शव लटकते देखे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

UP News : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां परौर क्षेत्र के एक गांव के बाहर बुधवार की सुबह एक युवती और उसके प्रेमी का शव पेड़ से लटकता मिला। दोनों के शव एक ही रस्सी के फंदे से लटक रहे थे। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की शादी तय थी और बुधवार की रात ही उसकी बारात आनी थी। युवती और उसके प्रेमी की लाश मिलने की सूचना से शादी वाले घर में कोहराम मच गया। जहां थोड़ी देर पहले मंगलगीत गाए जा रहे थे वहां हर कोई मातम में डूब गया।
बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय युवक सोमेंद्र और 19 वर्षीय युवती में दो साल से प्रेम प्रसंग था। दोनों एक-दूसरे के साथ शादी करके जीवन गुजारना चाहते थे लेकिन उधर, युवती के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। गुरुवार को युवती की बारात आनी थी। घर में मेहमानों का तांता लगा था और मंगल गीत गाए जा रहे थे। इसी बीच मंगलवार रात को युवती संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर पेड़ पर दोनों के शव लटकते देखे, जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की शादी दूसरी जगह तय होने से दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
सुबह शुरू हुई खोजबीन
युवती के पिता ने बताया कि सुबह हलवाई को बुलाने के लिए मोबाइल लेना था, जो बेटी के पास था। बेटी को पुकारा जाने लगा। जब वह कमरे में नहीं मिली तो खोजबीन शुरू की गई। घर में कोना-कोना देख लिया गया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद आसपास तलाश की गई। कुछ ही देर बाद घटना की जानकारी मिली। वहीं युवक के परिजनों के अनुसार वह गांव में एक बारात में दावत में गया था, लेकिन रात में घर नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी नहीं उठ रहा था। घरवाले उसे लेकर परेशान थे। दोनों को ढूंढा जा रहा था। इसी दौरान दोनों के शव एक पेड़ पर लटकते पाए जाने की जानकारी मिली। इस घटना से दोनों परिवारों में मातम पसर गया है।
क्या बोली पुलिस
पुलिस भी इसे आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है। शाहजहांपुर की एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन