एक लाख का इनामी इजराइल एनकाउंटर में ढेर, उन्नाव में साधु मिलन दास की हत्या में थी तलाश
उन्नाव में साधी मिलन दास की हत्या का मुख्य आरोपी इजराइल को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। सोमवार की भोर में एक लाख के इनामी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एक सिपाही को भी गोली लगी है। दारोगा भी बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगने से बाल-बाल बचे हैं।

UP News: उन्नाव में बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के चर्चित साधु मिलन सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी एक लाख के इनामी इजराइल को पुलिस ने सोमवार की तड़के मार गिराया। इजराइल पर एक लाख रुपये का इनामी घोषित किया गया था। मुठभेड़ में एक दारोगा की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी है। एसओजी का एक सिपाही भी घायल हो गया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार भोर में थाना बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना बांगरमऊ में दर्ज मुकदमे में वांछित एक लाख रुपए के इनामी आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल ग्राम ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है और किसी साथी का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी की घरेबंदी की और आत्मसमर्पण के लिए कहा। इस पर आरोपी इजराइल ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
दरोगा की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी गोली, सिपाही घायल
आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली उप निरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट होने के कारण उनकी जान बच गई। वहीं एसओजी टीम के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें इजराइल घायल हो गया। उसे घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके से तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने चाकू को हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल बताया है। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संत हत्याकांड में था मुख्य आरोपी
इजराइल बांगरमऊ के घूरेटोला मोहल्ले में हुए संत राममिलन दास हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। बीते मंगलवार यानी नौ जून की दोपहर मंदिर निर्माण करा रहे संत की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था और लोगों ने बांगरमऊ-हरदोई मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था।
पुलिस ने मामले में पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मुख्य आरोपी इसराइल के अलावा अन्य की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं। मुठभेड़ में मारे जाने के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।




साइन इन